भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर शनिवार देर शाम पहली बार खरगोन पहुंचे। उन्होंने भाजपा कार्यालय में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और युवाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सोशल मीडिया की भूमिका पर व्यापक चर्चा की। टेलर ने कहा कि डिजिटल युग में इन्फ्लुएंसर्स की समाज को ताकत और दिशा देने में बड़ी भूमिका है। उन्होंने इन्फ्लुएंसर्स से पार्टी की विचारधारा के बजाय राष्ट्र निर्माण से जुड़े मुद्दों पर सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने देशहित के मुद्दों पर समर्थन मांगा और बताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री भी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से मुलाकात करेंगे। इस अवसर पर सांसद गजेंद्र पटेल और विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने भी युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे, भाजयुमो जिलाध्यक्ष रवि वर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष शीला पटेल और आईटी सेल संयोजक शुभम जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
