Homeमध्यप्रदेशभाजपा विधायक बोले- मंत्री बनूंगा तो इसे डॉक्टर रखूंगा:नेताजी की 'सफाई' का...

भाजपा विधायक बोले- मंत्री बनूंगा तो इसे डॉक्टर रखूंगा:नेताजी की ‘सफाई’ का फोटोशूट; मंत्री का विरोध, कांग्रेसियों को उठा ले गई पुलिस

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। कैमरों के सामने भाजपा नेताओं की सफाई
शाजापुर जिले के मक्सी में भाजपा नेताओं ने ’12 साल विश्वास, विकास और जनसेवा’ अभियान के तहत शहर में साफ-सफाई की, लेकिन यह सफाई अभियान कम और फोटोशूट ज्यादा नजर आया। भाजपा विधायक अरुण भीमावद, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि पांडे और मध्य प्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष पंकज जोशी समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता कैमरों के सामने सफाई करते नजर आए। एक वीडियो में भाजपा जिला अध्यक्ष रवि पांडे सफाई के दौरान वीडियो बना रहे शख्स से कहते सुनाई दे रहे हैं- थोड़ा नीचे से बनाइए। मतलब, कैमरे में उनकी सफाई करते हुए तस्वीर बेहतर तरीके से नजर आनी चाहिए। वहीं, एक अन्य वीडियो में खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष पंकज जोशी सफाई करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक कार्यकर्ता की आवाज सुनाई देती है, जो कहता है- बहुत हो गई साफ-सफाई। सफाई हो जाए, उसके बाद एक और फोटो खींचना है। इन वीडियो के सामने आने के बाद यह सफाई अभियान चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने कर दी मंत्री के विरोध की ‘सफाई’
भोपाल पहुंचे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी हाथ में झाड़ू थामी और साफ-सफाई अभियान में हिस्सा लिया। वैसे नीट पेपर लीक मामले को लेकर मंत्री जी इन दिनों विपक्ष के निशाने पर हैं और लगातार उनके इस्तीफे की मांग की जा रही है। मंत्री के भोपाल दौरे के दौरान कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता उनके विरोध की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने इससे पहले ही उन्हें हिरासत में ले लिया। किसी को उसके घर से तो किसी को कांग्रेस कार्यालय से उठाकर अपने साथ ले जाया गया। अब लोग तंज कस रहे हैं कि पुलिस ने मंत्री जी के विरोध की ही सफाई कर दी। मंत्री जी ने तो झाड़ू सड़क पर चलाई, लेकिन अगर वे शिक्षा व्यवस्था पर जमी गड़बड़ियों की धूल भी साफ कर दें, तो बात बन जाए। हालांकि नीट पेपर लीक मामले पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा- मैं नीट के सभी विद्यार्थियों से अपील करता हूं कि वे भरोसा रखें और पढ़ाई में मन लगाएं। 21 जून को नीट की परीक्षा व्यवस्थित तरीके से आयोजित की जाएगी। इस पर कांग्रेस नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- शिक्षा मंत्री जी, देश के करोड़ों युवाओं ने आप पर भरोसा किया था। उन्होंने दिन-रात मेहनत की और अपने सपने संजोए। लेकिन लगातार पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था की विफलताओं ने उस भरोसे को चकनाचूर कर दिया है। भाजपा विधायक के एक तीर से दो निशाने
डिंडौरी में भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे का एक बयान इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने एक कर्मचारी की तारीफ करते हुए कहा- मैं मंत्री बन जाऊं तो डॉक्टर की जगह इसे रख लूंगा। यह ईमानदारी से नौकरी करता है। दरअसल, विधायक एक जनकल्याण शिविर में पहुंचे थे। वहां पशु चिकित्सा विभाग का कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। जब विभाग के प्रतिनिधि के तौर पर मंच पर बुलाया गया तो केवल एक कर्मचारी पहुंचा। उसकी कार्यशैली से प्रभावित होकर विधायक ने उसकी जमकर सराहना की। वहीं, विभाग के गैरमौजूद अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही। अब लोग कह रहे हैं कि विधायक ने एक तीर से दो निशाने साध लिए। एक तरफ उन्होंने यह संदेश दे दिया कि वे फिर से मंत्री बनना चाहते हैं, तो दूसरी तरफ अपनी ही सरकार के सिस्टम और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल भी खड़े कर दिए। नेता जी ने ‘राजा’ को सफाई दी, माफी मांगी
मध्य प्रदेश में कांग्रेस के मंच पर भरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के दो बड़े नेताओं के बीच की खटपट सबने देखी थी। इसका वीडियो भी सामने आया था। अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। दरअसल, पूरे घटनाक्रम के बाद इनमें से एक नेता के समर्थक नाराज हो गए। उन्होंने दूसरे नेता को आंखें दिखाते हुए साफ कह दिया कि ‘राजा’ के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। फिर क्या था, हालात और मौके की नजाकत भांपते हुए दूसरे नेता ने ‘राजा’ के घर तक दौड़ लगा दी और उनसे मुलाकात कर अपनी सफाई पेश की। सुना तो यहां तक है कि दूसरे नेता ने उनसे माफी भी मांगी। अब सियासी गलियारों में चर्चा है कि नेता भले ही आपसी गिले-शिकवे दूर करने में जुट गए हों, लेकिन कैमरों के सामने हुई उनकी तनातनी ने पार्टी की अच्छी-खासी किरकिरी करा दी है। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल और देव कुमार (भोपाल), मोहित राठौर (शाजापुर), अभिमन्यु सिंह (डिंडौरी) ये भी पढ़ें –
भाजपा विधायक ने मारा थप्पड़, सवालों से भागे: पुलिस से भिड़े कांग्रेसी, भाजपा ने खाए जीत के लड्‌डू सतना के चित्रकूट से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार ने अपने ही ड्राइवर को थप्पड़ मार दिया। वे एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। जहां एक पत्रकार ने उनसे बिजली कटौती को लेकर सवाल किया। इस पर वे बिना जवाब दिए अपने वाहन में बैठ गए। उन्होंने ड्राइवर से गाड़ी बढ़ाने को कहा, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। इस पर विधायक ने उसे थप्पड़ मार दिया। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here