भिंड शहर से गुजरने वाले बाइपास मार्ग पर शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में 16 वर्षीय बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। जनता स्कूल के पास हुए हादसे में सड़क पर गिरे किशोर के ऊपर डंपर का पहिया गुजर गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। बोलेरो के कट मारने से बिगड़ा संतुलन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उमरी थाना क्षेत्र के किटी गांव निवासी सौरभ यादव (16) पुत्र सरबर यादव बाइक से भिंड की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक सफेद बोलेरो ने उसकी बाइक के बेहद करीब से कट मार दिया। अचानक संतुलन बिगड़ने पर सौरभ सड़क पर गिर पड़ा और साथ चल रहे डंपर की चपेट में आ गया। हेलमेट पहना था, फिर भी नहीं बची जान बताया जा रहा है कि सौरभ ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन गिरने के बाद डंपर का पिछला पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कपड़े खरीदने आया था भिंड परिजनों के मुताबिक सौरभ तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसकी बड़ी बहन अर्चना के ससुराल में जल्द ही शादी समारोह होना था। इसी कार्यक्रम के लिए वह कपड़े खरीदने भिंड आया था। हादसे की सूचना मिलते ही शादी की तैयारियों वाला घर मातम में बदल गया। बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए। बोलेरो चालक की तलाश में जुटी पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे के लिए बोलेरो चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। डंपर जब्त, जांच जारी पुलिस ने डंपर को जब्त कर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
