मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी इलाके में रविवार शाम तेज रफ्तार बोरवेल गाड़ी (मशीन) ने पैदल जा रहे एक परिवार को कुचल दिया। हादसे में एक महिला और उसके बेटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि 10 साल की बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान सूखा गांव की अंशु उर्मिलिया (30) और उनके 6 साल के बेटे राधा रमन के रूप में हुई है। घायल बच्ची का नाम आस्था तिवारी है। अंशु उर्मिलिया लाइनमैन राम गोपाल द्विवेदी की बेटी थी। 7 महीने की गर्भवती भी थी। हादसे से जुड़ी ये 4 तस्वीरें देखिए… महिला का भेजा बाहर आया अंशु उर्मिलिया और रमन के साथ आस्था भी पैदल चल रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार अनियंत्रित बोरवेल गाड़ी ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशु उर्मिलिया गाड़ी के टायर के नीचे दब गईं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अंशु उर्मिलिया का भेजा बाहर आ गया है। अस्पताल में मासूम ने तोड़ा दम हादसे के तुरंत बाद घायल राधा रमन को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। 10 साल की आस्था तिवारी का अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंची हादसे की सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस और एसडीओपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला के शव को गाड़ी के नीचे से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फरार बोरवेल गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश शुरू कर दी है। ……………………………… यह खबर भी पढ़ें पन्ना में ट्रक ने ऑटो को टक्कर मारी पन्ना-अमानगंज सड़क पर रविवार, 3 मई को ग्राम तारा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दमोह के रहने वाले एक शख्स की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के 9 लोग घायल हो गए हैं। दो घायलों की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…
