बड़वानी शहर कोतवाली पुलिस ने कुछ ही घंटों में एक बड़ी लूट का खुलासा किया है। पुलिस ने बोलेरो पिकअप और बीयर की 222 पेटियों की लूट के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 13 लाख 40 हजार रुपए का लूटा गया माल बरामद किया गया है। शहर कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने गुरुवार शाम 7 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि यह घटना 27 मई को हुई थी। फरियादी इंदौर से पाटी जा रहा था, अपनी बोलेरो पिकअप गाड़ी में परमिट वाली 222 पेटी बीयर शराब लेकर। पाटी नाका के आगे बाइक पर आए अज्ञात युवकों ने उसे रोका, धमकाया और बावनगजा पहाड़ियों की ओर ले गए। वहां उन्होंने फरियादी और उसके साथी को जंगल में देर रात छोड़ दिया और बोलेरो पिकअप व उसमें भरी बीयर लूट ली। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल के निर्देश पर थाना प्रभारी बलजीत बिसेन ने तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। कोतवाली बड़वानी पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कीं और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इनको किया गिरफ्तार भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने लूट में शामिल आरोपियों की पहचान की और उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गोविंद भावेल (26), लखन भाभर (29), महेश भुरिया (21), यश उर्फ कान्हा गेहलोत (22), रूपेश सोलंकी (22) और हीरालाल उर्फ मिथुन चोहान (19) शामिल हैं। पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप, 102 पेटी बीयर और घटना में इस्तेमाल की गई दो बाइक्स जब्त की हैं, जिनकी कुल कीमत 13 लाख 40 हजार रुपए है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है और उचित इनाम की घोषणा भी की है।
