जबलपुर के कई थानों में दर्ज मामलों में फरार चल रहे कथित अरबपति सटोरिये सतीश सनपाल पर आधारित वेब सीरीज को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर दिखाई जा रही ‘देसी ब्लिंग’ वेब सीरीज के खिलाफ राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत की गई है। आरोप है कि सीरीज के जरिए अपराधी का महिमामंडन कर युवाओं को गलत संदेश दिया जा रहा है। मानवाधिकार आयोग ने जारी किया नोटिस जबलपुर निवासी योगेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में लिखित शिकायत देकर कहा है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म के जरिए अपराधियों को ग्लैमराइज किया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि सट्टेबाज सतीश सनपाल को वेब सीरीज में लग्जरी लाइफस्टाइल और अरबपति कारोबारी के रूप में पेश किया गया है, जिससे युवाओं पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। मामले को संज्ञान में लेते हुए मानवाधिकार आयोग ने नेटफ्लिक्स को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। दुबई भागने और ग्लैमर लाइफ दिखाने का आरोप शिकायतकर्ता योगेंद्र सिंह का आरोप है कि सतीश सनपाल हवाला, फाइनेंस फ्रॉड और गैंबलिंग जैसे मामलों में संलिप्त रहा है। वह अचानक भारत छोड़कर दुबई भाग गया और वहां लग्जरी कारों व आलीशान जीवनशैली का प्रदर्शन करने लगा। उन्होंने दावा किया कि सनपाल ने अपनी पत्नी को 40 किलो सोना देने जैसी बातें सार्वजनिक रूप से कही थीं। योगेंद्र सिंह ने कहा कि कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बॉलीवुड से जुड़े लोग भी उसके साथ दिखाई देते हैं, जिससे उसे एक सफल व्यक्ति की तरह प्रस्तुत किया जा रहा है। बता दें कि कुख्यात सटोरिया सतीष सनपाल जबलपुर के आदर्श नगर का रहने वाला हैं जो कि कुछ समय से दुबई में रह रहा है। क्या अपराधी युवाओं के आइकॉन बनेंगे योगेंद्र सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब देश के युवाओं के सामने ऐसे लोगों को आदर्श के रूप में पेश किया जाएगा, जो सट्टा, फाइनेंशियल फ्रॉड और अवैध गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेटफ्लिक्स का यह कदम स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में नेटफ्लिक्स और अन्य संबंधित पक्षों के खिलाफ मानवाधिकार आयोग में शिकायत दी गई है, जिस पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है। ‘देसी ब्लिंग’ में दिखाया गया जीवन शिकायतकर्ता के मुताबिक नेटफ्लिक्स पर प्रसारित ‘देसी ब्लिंग’ वेब सीरीज में सतीश सनपाल के जीवन को ग्लैमरस तरीके से दिखाया गया है। उनका कहना है कि इस तरह के कंटेंट से युवा शॉर्टकट तरीके से पैसा कमाने की ओर आकर्षित हो सकते हैं। आयोग सदस्य बोले- नेटफ्लिक्स से जवाब मांगा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की सदस्य प्रियंका कानूनगो ने बताया कि जबलपुर निवासी योगेंद्र सिंह की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में कहा गया है कि सतीश सनपाल पर आधारित वेब सीरीज के जरिए उसे ग्लोरिफाई किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वेब सीरीज में जुआ और सट्टे से जुड़ी जीवनशैली को आकर्षक रूप में दिखाया गया है, जो युवाओं को गलत दिशा में ले जा सकता है। आयोग ने नेटफ्लिक्स को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
