मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और जल संकट अब जानलेवा साबित होने लगा है। एक तरफ रायसेन जिले में पानी भरने गई तीन आदिवासी छात्राओं की कुएं में डूबने से मौत हो गई, तो दूसरी ओर छिंदवाड़ा में उभरती कराटे और ताइक्वांडो खिलाड़ी केशिका चौरे की भी कुएं में गिरने से जान चली गई। रायसेन जिले के गैरतगंज तहसील स्थित सगौर गांव में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। गांव के लोगों को करीब एक किलोमीटर दूर कुएं से पानी लाना पड़ता है। शनिवार सुबह चार छात्राएं पानी भरने के लिए कुएं पर पहुंची थीं। नहाने के दौरान फिसल गया था पैर इसी दौरान वे नहाने लगीं और अचानक एक छात्रा का पैर फिसल गया। अपनी सहेली को बचाने के लिए दूसरी और फिर तीसरी छात्रा भी कुएं में कूद गई, लेकिन गहरे पानी में तीनों की डूबने से मौत हो गई। हादसे से जुड़ी तस्वीरें देखिए… पानी भरने गईं छात्राएं नहीं लौटीं घर रायसेन हादसे में मृत छात्राओं की पहचान राधा पिता हलके राम (12), अमृता पिता रामगोपाल (12) और तनु पिता हलके राम (13) के रूप में हुई है। राधा और अमृता पांचवीं कक्षा में पढ़ती थीं, जबकि तनु आठवीं की छात्रा थी। तनु और राधा सगी बहनें थीं। घटना के समय चौथी छात्रा अमीना भी मौके पर मौजूद थी। उसने गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद गांववाले बच्चियों को कुएं से निकालकर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। गांव में पानी की व्यवस्था होती तो बच जाती बच्चियों की जान अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गांववालों का कहना है कि अगर गांव में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था होती, तो बच्चियों को इतनी दूर पानी भरने नहीं जाना पड़ता। लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने और सुरक्षित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। छिंदवाड़ा में कराटे खिलाड़ी की मौत, CM कर चुके थे सम्मानित वहीं छिंदवाड़ा जिले के सारंग बिहारी क्षेत्र में रहने वाली कराटे और ताइक्वांडो खिलाड़ी केशिका चौरे की कुएं में गिरने से मौत हो गई। वह खेत में बने कुएं की मोटर चालू करने गई थी। इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। केशिका ने खेलों में शानदार प्रदर्शन किया था और कुछ दिन पहले ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में उसे सम्मानित करते हुए 50 हजार रुपए का चेक और अवार्ड दिया था। छिंदवाड़ा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…
