जबलपुर में पत्नी नेहा की हत्या के बाद फरार पति मयंक सिंह का शव शनिवार को उसके घर से करीब 6 किलोमीटर दूर जीसीएफ के एक खाली क्वार्टर में मिला। मयंक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आधारताल और रांझी थाना पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार रात आधारताल थाना पुलिस को एक घर से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर एक महिला का शव बरामद किया। जांच के दौरान महिला का पति मयंक सिंह घर पर नहीं मिला, जबकि उसका 8 वर्षीय बेटा डरा-सहमा अवस्था में घर में मौजूद था। पंचनामा कार्रवाई के बाद पुलिस ने मयंक सिंह की तलाश शुरू कर दी थी। दो साल पहले हुआ था नेहा और मयंक का विवाह मृतका नेहा सिंह ने करीब दो वर्ष पहले कटनी जिले के विजयराघवगढ़ निवासी मयंक सिंह से दूसरा विवाह किया था। दोनों आधारताल के न्यू कंचनपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे। नेहा के पहले पति से एक 8 वर्षीय बेटा है, जो उसके साथ ही रहता था। पहले पति के निधन के बाद नेहा ने मयंक सिंह से विवाह किया था। थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो महिला का शव घर के फर्श पर पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हुआ। घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा था, जिसे तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके की जांच के दौरान महिला का शव बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। रसोई में फंदे के साथ मिला नेहा का शव आधारताल पुलिस जब मौके पर पहुंची और कमरे का ताला तोड़ा, तो नेहा का शव रसोई में पड़ा मिला। महिला के गले में दुपट्टे का फंदा था, जिसका दूसरा सिरा पंखे से बंधा हुआ था। सूचना मिलने पर एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आधारताल थाना पुलिस मंयक की तलाश में जुटी हुई थी, इस दौरान आज सुबह करीब 11 बजे रांझी थाना पुलिस को सूचना मिली की जीसीएफ के खाली खंडहर में एक युवक का शव फंदे पर लटका हुआ है। टीआई उमेश गोल्हानी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो 40 वर्षीय शख्स लटका हुआ था, जिसकी पहचान फरार मयंक सिंह के रूप में हुई। जीसीएफ के खाली क्वार्टर में मिला फरार मयंक का शव सीएसपी राजेश्वरी कौरव ने बताया कि नेहा की मौत के बाद से उनका पति फरार था, जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। इस बीच आज उसका शव मिला है। मृतिका के बेटे से पूछताछ के दौरान यह भी पता चला है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मयंक को जब से पता चला था कि उसकी पत्नी नेहा सिंह स्पा सेंटर में काम करती है, तभी से उनके बीच लड़ाई होती थी। शुक्रवार की रात को मंयक शराब के नशे में घर पुहंचा, जहां नेहा सिंह से उसका विवाद हुआ था। बहरहाल पुलिस ने दोनों की मौत को लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
