Homeमध्यप्रदेशपति की अर्थी के पास बोली-मुझे भी साथ ले चलो:पति की जिंदगी...

पति की अर्थी के पास बोली-मुझे भी साथ ले चलो:पति की जिंदगी बचाने के लिए दिन-रात सेवा करती रही पत्नी; शराब कांड में 14वीं मौत

पति की अर्थी सामने थी। सुनीता हाथों में नारियल लेकर अंतिम परिक्रमा करने बढ़ी, लेकिन कुछ कदम चलते ही लड़खड़ाकर गिरने लगी। परिजनों ने संभाला तो फिर उठकर आगे बढ़ी। किसी तरह तीन फेरे पूरे किए और पति के चरणों में गिरकर बिलखने लगी। रोते हुए बार-बार कहती रही मुझे भी अपने साथ ले चलो… मैं तुम्हारे बिना कैसे रहूंगी। यह उस महिला का दर्द था, जिसने करीब डेढ़ महीने तक पति की जिंदगी बचाने के लिए दिन-रात उनकी सेवा की, लेकिन बुधवार को उन्हें नहीं बचा सकी। देवास जिले में शराब कांड के बाद जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे राकेश की बुधवार को इंदौर में मौत हो गई। उनका शव घर पहुंचा तो सुनीता खुद को संभाल नहीं पाई। पति के पास बैठकर फूट-फूटकर रोने लगी। तीनों बच्चे भी पिता को अंतिम विदाई देते देख बिलख पड़े। डेढ़ महीने तक आंखों की रोशनी लौटने का करती रही इंतजार
सुनीता के मुताबिक, 12 अक्टूबर के आसपास राकेश की तबीयत बिगड़ी थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए इंदौर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उनकी आंखों की रोशनी भी चली गई और वे बिस्तर पर आ गए। सुनीता लगातार उनके पास रहकर देखभाल करती रही। उसे उम्मीद थी कि राकेश की आंखों की रोशनी लौट आएगी और वे फिर अपने पैरों पर खड़े हो सकेंगे। करीब डेढ़ महीने तक इसी आस में उसने अस्पताल में पति की सेवा की। लेकिन बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद राकेश ने दम तोड़ दिया। तीन बच्चों की जिम्मेदारी अब अकेले संभालेगी सुनीता
राकेश परिवार में अकेले कमाने वाले थे। उनके जाने के बाद पत्नी और तीन बच्चों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। सुनीता को अब बच्चों की परवरिश से लेकर उनकी पढ़ाई तक की जिम्मेदारी अकेले उठानी होगी। पति की अंतिम विदाई के समय सुनीता की पुकार ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। जिस साथी के साथ उसने बच्चों का भविष्य संवारने के सपने देखे थे, उसी के बिना अब उसे जिंदगी का सफर तय करना है। अब तक की पूरी कहानी 27 सितंबर से शुरू हुआ मौतों का सिलसिला
शराब से मौतों की शुरुआत 27 सितंबर को हुई, जब किशोर परमार की जान गई। इसके बाद अक्टूबर में लगातार 30 से 40 वर्ष के युवाओं की मौतें दर्ज की गईं। शराब पीने के बाद पीड़ितों को पेटदर्द, चक्कर आना, घबराहट, उल्टी की शिकायतें हुईं। कुछ ही घंटों में उनकी जान चली गई। 17 अक्टूबर को तबीयत बिगड़ने के बाद संजू (32) और फूल सिंह (55) को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ दिन बाद उनकी भी मौत हो गई। सालों से बेची जा रही अवैध शराब
ग्रामीण विकास परमार और अन्य का आरोप है कि गांव में सालों से अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। लाइसेंसी दुकान 3 किलोमीटर दूर होने के कारण लोग गांव में ही अवैध ठिकानों से शराब खरीदते थे। AI से सीखकर बनाई नकली शराब
27 अक्टूबर को पुलिस ने देवास शराब कांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने AI की मदद से नकली शराब बनाने का तरीका खोजा था। मामले में 14 आरोपी, तीन अब भी फरार
इंदौर के दवा बाजार से केमिकल मंगवाया था। केमिकल सप्लाई करने से लेकर नकली शराब बनाने और उसे गांवों तक पहुंचाने तक अलग-अलग लोग शामिल थे। इस तरह पूरा नेटवर्क काम कर रहा था। पुलिस ने मामले में कुल 14 लोगों को आरोपी बनाया है। 3 अभी भी फरार चल रहे हैं।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here