रीवा में नौतपा के चौथे दिन आज (गुरुवार) भी भीषण गर्मी का असर दिखाई दिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने रीवा सहित पूर्वी मध्यप्रदेश के कई जिलों में हीट वेव की स्थिति दर्ज की है। पिछले तीन दिनों के तापमान पर नजर डालें तो 25 मई को अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री दर्ज किया गया था। 26 मई को पारा बढ़कर 44 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहा। 27 मई को अधिकतम तापमान 45 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। वहीं 28 मई को भी गर्मी का असर बरकरार रहा और अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री दर्ज किया गया। IMD के मुताबिक नौतपा के चलते फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। दोपहर में धूप से बचने से बचने की सलाह
सिविल लाइन क्षेत्र के निवासी धर्मेंद्र पटेल ने बताया कि सुबह 10 बजे के बाद ही बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। गर्म हवाओं से लोग परेशान हैं और बाजारों में भीड़ कम दिखाई दे रही है। वहीं विश्वविद्यालय क्षेत्र में रहने वाली आरती मिश्रा ने कहा कि रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। कूलर और पंखे भी ज्यादा असर नहीं दिखा पा रहे हैं। IMD ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। 30-31 मई को हल्की बारिश संभव
आने वाले तीन दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार 29 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना है। 30 मई को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रह सकता है। वहीं 31 मई को तापमान में हल्की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 30 और 31 मई को आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना भी जताई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
