छत्तीसगढ़ से देश के बड़े शहरों का हवाई सफर अब विदेश यात्रा से भी महंगा पड़ रहा है। त्योहारों और शादी सीजन की वजह से रायपुर से दिल्ली या पुणे जाने के लिए यात्रियों को भारी किराया चुकाना पड़ रहा है। जबकि इससे कम कीमत में दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों की हवाई यात्रा की जा सकती है। ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल्स पर उपलब्ध ताजा किराया दरों के मुताबिक, 6 नवंबर को रायपुर से दिल्ली का एकतरफा हवाई किराया ₹24,832 तक पहुंच गया है। वहीं, रायपुर से पुणे का किराया ₹23,995 तक है। इसके मुकाबले हैदराबाद से बैंकॉक का हवाई टिकट ₹13,427 और सिंगापुर का टिकट ₹13,114 से शुरू हो रहा है। इस तरह घरेलू उड़ानों के मुकाबले अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकट करीब 10 हजार रुपए तक सस्ते पड़ रहे हैं। भारी किराया देने के बाद भी सफर में लग रहे 8 से 22 घंटे हवाई यात्रियों पर इस समय दोहरी मार पड़ रही है। रायपुर से दिल्ली जाने के लिए इंडिगो की फ्लाइट का किराया ₹24,832 है। इसके बावजूद सफर में 8 घंटे 35 मिनट लग रहे हैं, क्योंकि फ्लाइट अहमदाबाद होकर जा रही है। वहीं, पुणे जाने के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट का किराया ₹23,995 है। इसमें दिल्ली और इंदौर में दो स्टॉपेज हैं। इस वजह से सफर में करीब 9 घंटे लग रहे हैं। पुणे के लिए ₹18,684 का कम किराया चुनने पर यात्रियों को दिल्ली में 22 घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ रहा है। यानी कम किराए के विकल्प में भी समय की बड़ी कीमत चुकानी पड़ रही है। क्यों महंगे हैं घरेलू रूट्स ? ट्रैवल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, दिवाली के बाद छठ पूजा और शादी का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में हवाई यात्रा की मांग बढ़ रही है। रायपुर से दिल्ली और पुणे जैसे शहरों में नौकरी करने वाले पेशेवरों और पढ़ाई करने वाले छात्रों की संख्या भी ज्यादा है। यात्रियों की बढ़ती मांग और रायपुर से सीधी उड़ानों की सीमित संख्या के कारण एयरलाइंस ने नवंबर के पहले 2 हफ्तों में भी किराया ऊंचा रखा है। वहीं, ऑफ सीजन और प्रमोशनल ऑफर्स के चलते बैंकॉक और सिंगापुर जैसे विदेशी रूट्स पर फ्लाइट का किराया कम है। ……………….. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… इंडिगो टिकट आज से महंगी, फ्यूल चार्ज बढ़ाया: घरेलू उड़ानों में 1300, इंटरनेशनल में 10 हजार रुपए तक ज्यादा देने होंगे; 6 महीने में तीसरी बढ़ोतरी देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की फ्लाइट आज से महंगी हो गई हैं। एयरलाइन ने घरेलू उड़ानों में 1300 रुपए तक और इंटरनेशनल उड़ानों में 10 हजार रुपए तक एक्स्ट्रा फ्यूल चार्ज लगाने का ऐलान किया है। नई कीमतें 6 अक्टूबर रात 12:01 बजे से लागू हैं। पढ़ें पूरी खबर…
