दमोह के खजरी मोहल्ला में नरेंद्र अहिरवार के घर पर पथराव करने वाले दो आरोपियों को रविवार शाम कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला। पकड़े गए आरोपियों में संदीप अठ्या और भागीरथ अहिरवार शामिल है। कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि हमलावरों ने शराब के नशे में खजरी मोहल्ला में एक घर पर पथराव किया था। इसमें घर के दो सदस्य घायल हुए थे। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। रविवार शाम दो आरोपी एक स्थान पर छिपे हुए थे, जिन्हें गिरफ्तार कर कोतवाली ले जाया गया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के खजरी मोहल्ले में शनिवार देर रात करीब 12 बजे हुई। कुछ लोग शराब के नशे में जुआ खेल रहे थे और गाली-गलौज कर रहे थे। जब एक परिवार ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो करीब 40 से अधिक बदमाशों ने उनके घर पर हमला कर दिया। जुआ खेलने से मना करने पर पथराव पीड़ित नरेंद्र अहिरवार ने बताया कि जब वे घर लौटे, तो घर के पीछे कुछ लोग जुआ खेलते हुए गाली-गलौज कर रहे थे। उन्हें रोकने पर उन पर ईंट से हमला किया गया। लगभग 15 मिनट बाद, 40 से अधिक बदमाशों ने आकर उनके घर पर पथराव किया। हमले में नरेंद्र अहिरवार के बेटे अभिषेक अहिरवार (18) और पिता शंकर लाल अहिरवार घायल हो गए। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी कार का कांच भी तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें जुटी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। नरेंद्र अहिरवार के अनुसार दिलीप पटिया, भागीरथ अहिरवार, संजू अहिरवार सहित 40 से अधिक लोगों पर पथराव का आरोप लगाया है। कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि खजरी मोहल्ले में कुछ लोगों ने शराब के नशे में उत्पाद मचाया है। वे लोग जुआ खेल रहे थे, जब एक परिवार ने रोका तो आरोपियों ने हमला कर दिया। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की गई है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
