उमरिया और अनूपपुर जिले की सीमा पर स्थित मिलनी गांव के पास शुक्रवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई थी। इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। ट्रॉली में कुल 49 श्रद्धालु सवार थे, जो ग्राम पड़मनिया से पूजा-अर्चना के लिए ग्राम बिजौरा जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ने पाली अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल 28 लोगों को शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। शनिवार को शहडोल मेडिकल कॉलेज में 26 घायलों का इलाज जारी है। वहीं, पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 5 घायलों का उपचार चल रहा है। हादसे में घायल हुए 13 लोगों को हालत में सुधार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। घायलों से मिले अस्पताल पहुंची कलेक्टर घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर राखी सहाय ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शासन ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 4-4 लाख रुपए और संबल योजना के अंतर्गत 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है। मृतकों का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम गिंजरी और पड़मनिया में किया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। ये भी देखें… पुल से 10 फीट नीचे गिरे 41 लोग…4 की मौत:उमरिया-अनूपपुर बॉर्डर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 37 घायल; पूजा कर लौट रहे थे ग्रामीण उमरिया और अनूपपुर जिले की सीमा पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर बेकाबू हो गया, जिससे पुल पर ट्रॉली पलट गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 37 लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। कई लोग पुलिया से गिरकर नीचे दब गए। जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान पड़मनिया निवासी घनश्याम गोड़, वीर सिंह (50), भूपत सिंह (50) और गिंजरी निवासी सहबल बैगा के रूप में हुई है, जबकि अन्य मृतकों की पहचान की जा रही है। दो ग्रामीणों ने मौके पर दम तोड़ दिया था, जबकि दो लोगों की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। पूरी खबर पढ़े
