रीवा जिले के डभौरा रेलवे स्टेशन के पास अहमदाबाद-पटना एक्सप्रेस से गिरकर एक यात्री शनिवार को गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय रीवा पहुंचाया। घायल की पहचान बिहार के पटना निवासी करण कुमार सैनी के रूप में हुई है। वह अहमदाबाद से पटना जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेन के कोच में यात्रा के दौरान कुछ यात्रियों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान धक्का-मुक्की की स्थिति बनी, जिससे करण कुमार का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसा डभौरा रेलवे स्टेशन के पास हुआ। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों और जीआरपी को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और घायल यात्री को तत्काल अस्पताल भिजवाया। गंभीर चोटें आने के कारण उसे संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घायल ने बताया कि मैं ट्रेन में बैठा हुआ था,इसी दौरान बगल में बैठे कुछ लोग झगड़ा कर रहे थे। अचानक एक व्यक्ति ने लात मारी जो मुझे लग गई और मैं सीधा ट्रेन से नीचे जा गिरा। जीआरपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यात्री दुर्घटनावश गिरा या धक्का लगने के कारण ट्रेन से नीचे जा गिरा। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल यात्री का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। घटना के बाद ट्रेन में सफर कर रहे अन्य यात्रियों में भी चिंता का माहौल देखा गया।
