मुरैना के नेशनल हाईवे-44 पर सेल्टिक्स बैरियर के पास गुरुवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्री को पीछे से टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है। धौलपुर रिश्तेदारी में जा रहे थे पिता-पुत्री
मृतकों की पहचान राजू पुत्र सुघर सिंह परमार (45) निवासी हाजीपुर, सैपऊ थाना क्षेत्र, राजस्थान और उनकी 14 वर्षीय बेटी सोनिया के रूप में हुई है। दोनों बाइक से धौलपुर रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान सेल्टिक्स बैरियर के पास पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सिविल लाइन थाना प्रभारी टीआई उदयभान यादव ने बताया कि हादसे में पिता-पुत्री की मौत हुई है। दोनों की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
