राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में शनिवार देर शाम धामनिया जोड़ के पास एक मारुति वैन और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक को टक्कर मारने के बाद मारुति वैन सड़क पर पलट गई और उसके चारों पहिए ऊपर हो गए। हादसे में बाइक सवार का पैर दो जगह से टूट गया, जबकि कार में सवार दादा और उनका पोता भी घायल हो गए। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से खिलचीपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बाइक चालक को रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, जमुनिया गांव निवासी बंसीलाल दांगी (65) कल्याणपुरा स्थित अपने रिश्तेदार के यहां से बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान खिलचीपुर की ओर से राजगढ़ जा रही मारुति वैन से उनकी भिड़ंत हो गई। वैन में सुंदरपुरा निवासी प्रहलाद तंवर (53) अपने 9 वर्षीय पोते कार्तिक के साथ सवार थे। वाहन को विष्णु मेवाड़े चला रहा था। घायल प्रहलाद तंवर ने बताया कि वे खिलचीपुर में किराना सामग्री की सप्लाई करने आए थे और शाम को वापस राजगढ़ लौट रहे थे। धामनिया जोड़ के पास उनकी वैन ने एक ट्रक को ओवरटेक किया। इसी दौरान सामने से एक बाइक आ गई और दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बंसीलाल दांगी के सीधे पैर की हड्डी दो स्थानों से टूट गई। वहीं प्रहलाद तंवर और उनके पोते कार्तिक को भी चोटें आई हैं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बंसीलाल को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
