रतलाम में जावरा-उज्जैन मार्ग पर मंगलवार सुबह टैंकर से कुचलने से एक युवक की मौत हो गई। घटना चापाखेड़ा फंटे के पास भारत पेट्रोल पंप के सामने हुई। देर रात सामने आए CCTV फुटेज में युवक खड़े टैंकर के क्लीनर साइड के पहियों के बीच जाकर लेटता दिखाई दे रहा है। मृतक की पहचान मांगीलाल प्रजापत (28) पिता प्रभुलाल, निवासी ग्राम गुर्जर बरड़िया के रूप में हुई है। घटना के करीब दो घंटे बाद लोगों ने सड़क किनारे उसका शव देखा। पहले टैंकर के पास खड़ा दिखा, फिर पहियों के बीच लेटा CCTV फुटेज में सड़क किनारे दो टैंकर खड़े दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक टैंकर के पास मांगीलाल खड़ा नजर आता है। इसके बाद वह चलते हुए टैंकर के क्लीनर साइड के पहियों के बीच जाकर लेट जाता है। करीब 6 सेकेंड बाद टैंकर आगे बढ़ता है और उसे कुचलते हुए निकल जाता है। घटना के दौरान सड़क से दूसरे वाहन और लोग भी गुजरते दिखाई दे रहे हैं। करीब दो घंटे बाद लोगों ने सड़क किनारे युवक का शव देखा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पोस्टमॉर्टम के लिए वाहन नहीं मिला, परिजन ने लगाया जाम सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बड़ावदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी वहां पहुंच गए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जावरा ले जाने के लिए वाहन नहीं मिला तो परिजन और ग्रामीण नाराज हो गए। उन्होंने कुछ देर के लिए सड़क पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस की समझाइश के बाद एमपीआरडीसी की एंबुलेंस पहुंची। इसके बाद शव को जावरा के सरकारी अस्पताल भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। टैंकर के नीचे क्यों लेटा? पुलिस कर रही जांच बड़ावदा थाना प्रभारी संतोष चौरसिया ने बताया कि CCTV फुटेज में युवक खुद खड़े टैंकर के पहियों के बीच जाकर लेटता दिखाई दे रहा है। इसके बाद टैंकर आगे बढ़ जाता है। पुलिस जांच कर रही है कि युवक टैंकर के नीचे क्यों लेटा था और क्या चालक को उसके वहां होने की जानकारी थी। परिजन से भी युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
