मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के शासकीय माध्यमिक शाला हैदरावाद में पदस्थ शिक्षक पर स्कूल में बच्चों से शराब मंगवाने के आरोप लगे हैं। मामले से जुड़े वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में छात्र के हाथ में देशी शराब की बोतल दिखाई दे रही है, जिसे उसने जेब में छिपाकर रखा था। शराब लाने से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं। जानकारी के मुताबिक, घटना 14 अगस्त की बताई जा रही है। शिक्षक का नाम भगवानदास अहिरवार है। वीडियो बनाए जाने को लेकर शिक्षक की गांव के एक युवक से बहस भी हुई। आरोप है कि शिक्षक की पत्नी ने भी वीडियो बनाने वाले युवक को फोन कर धमकाया। ग्रामीणों के अनुसार, वीडियो में शराब की बोतल लेकर दिखाई दे रहा छात्र 14 साल का है और कक्षा 8वीं में पढ़ता है। बताया गया है कि छात्र के गांव में अवैध रूप से शराब की बिक्री होती है। छात्र के अनुसार, देशी शराब का एक क्वार्टर 100 रुपए में खरीदा गया था।
ये तस्वीरें देखिए… ग्रामीणों का आरोप- शिक्षक अक्सर नशे में स्कूल पहुंचते हैं ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल पहुंचते हैं और छात्रों से शराब मंगवाते हैं। नाबालिग छात्रों का इस तरह इस्तेमाल किए जाने की शिकायत गंभीर है। शिक्षा विभाग को मामले की तत्काल जांच करनी चाहिए। शराब ठेके से नाबालिग को शराब देने का आरोप ग्रामीणों ने स्कूल के आसपास शराब की उपलब्धता को लेकर सवाल उठाए हैं। स्कूल के पास स्थित शराब ठेके से नाबालिग बच्चों को शराब उपलब्ध कराई जा रही है। बच्चों को खुलेआम शराब दी जा रही है। शराब ठेकेदार नाबालिगों को शराब बेच रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वीडियो के बाद ऑडियो भी वायरल, पत्नी पर धमकी का आरोप वीडियो सामने आने के बाद एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। ऑडियो में शिक्षक की पत्नी वीडियो बनाने वाले व्यक्ति को फोन पर धमकी देती सुनाई दे रही हैं। इसमें गोली मारने की धमकी की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से जांच की मांग की ग्रामीणों ने शिक्षक के कथित आचरण, सामने आए वीडियो और स्कूल में उनकी कार्यप्रणाली की विस्तृत जांच की मांग की है। साथ ही नाबालिग छात्रों को शराब उपलब्ध कराने के आरोपों की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
छतरपुर स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक आरपी प्रजापति ने बताया कि संकुल प्राचार्य से चर्चा की गई है। जांच के लिए मामला सीएसी (संकुल अकादमिक समन्वयक) को भेजा गया है। जांच प्रतिवेदन मिलने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। DEO बोले- शिकायत मिलने पर कराएंगे जांच मामले में जिला शिक्षा अधिकारी पीके रैकवार ने बताया- शिकायत मिलने पर प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वीडियो और ऑडियो में किए जा रहे दावों की आधिकारिक जांच होना बाकी है।
