Homeमध्यप्रदेशजबलपुर में शराब दुकान पर महिलाओं-बच्चों का धावा:पथराव-तोड़फोड़ के बाद बोतलें उठाकर...

जबलपुर में शराब दुकान पर महिलाओं-बच्चों का धावा:पथराव-तोड़फोड़ के बाद बोतलें उठाकर ले गए; दुकान बंद करने की चेतावनी

नई शराब नीति के बाद प्रदेशभर में नई शराब दुकानों का विरोध तेज हो गया है। ताजा मामला जबलपुर के गोसलपुर क्षेत्र का है, जहां शनिवार शाम गांव की महिलाएं और बच्चे अचानक एक शराब दुकान पर पहुंच गए। पहले कुछ देर तक वे दुकान के बाहर खड़े रहे, फिर बच्चों ने वहां डांस किया और इसके बाद लोगों ने दुकान पर धावा बोल दिया। महिलाओं और बच्चों ने दुकान में रखी शराब की बोतलें उठानी शुरू कर दीं। जिसके हाथ जो बोतल लगी, वह उसे लेकर वहां से निकल गया। जाते-जाते महिलाओं ने दुकान संचालक को चेतावनी दी कि जब भी दुकान में शराब रखी जाएगी, वे इसी तरह दुकान खाली कर देंगी। घटना के बाद शराब ठेकेदार की शिकायत पर गोसलपुर थाना पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, भीड़ में बच्चे भी शामिल थे। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। शराब दुकान में तोड़फोड़ और हंगामे की सूचना आबकारी विभाग को भी मिली थी, लेकिन टीम के मौके पर पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी। हंगामे के बाद दुकान में तोड़फोड़ दरअसल, इस वित्तीय वर्ष में शासन की ओर से ग्राम पंचायत हृदयनगर के धमधा गांव स्थित बरनू तिराहा पर नई शराब दुकान खोली गई है। शुरुआत से ही ग्रामीण इसका विरोध कर रहे थे। गांव वालों ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन को शिकायत देकर मांग की थी कि दुकान को यहां से हटाया जाए, क्योंकि इसी रास्ते से गांव की महिलाएं और बच्चे गुजरते हैं। बच्चों का स्कूल आने-जाने का रास्ता भी यही है। ग्रामीणों का कहना था कि दुकान के सामने शराब पीने वालों के जमावड़े से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। उन्होंने आशंका जताई थी कि शराबियों द्वारा छेड़छाड़ जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं। इसके बावजूद आबकारी विभाग ने दुकान बंद नहीं कराई। इससे नाराज होकर शनिवार को गांव की महिलाओं और बच्चों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग शराब दुकान पहुंच गए। वहां पहले जमकर हंगामा किया गया, फिर दुकान में रखी शराब की बोतलें उठा ली गईं और तोड़फोड़ की गई। महिलाओं और बच्चों ने दुकान पर किया पथराव इस दौरान महिलाओं और बच्चों ने शराब दुकान पर जमकर पत्थरबाजी की। हाथों में लाठियां लेकर पहुंचे लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर दुकान बंद नहीं हुई, तो दोबारा इसी तरह विरोध किया जाएगा। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। शराब दुकान संचालक संतोष जायसवाल ने मामले की शिकायत गोसलपुर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है। दुकान संचालक का आरोप है कि बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और पुरुष दुकान के अंदर घुस आए थे। पहले उन्होंने जमकर हंगामा किया, फिर शराब की बोतलें उठा लीं और काउंटर में रखी बिक्री की रकम भी लेकर चले गए। घटना की सूचना मिलते ही सिहोरा आबकारी वृत्त निरीक्षक और गोसलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here