जबलपुर में डुमना एयरपोर्ट के पास ग्राम गदेरी में शुक्रवार शाम को जमीन में दबा जिंदा बम मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही खमरिया थाना पुलिस बम स्क्वॉड टीम के साथ मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि यह भारी-भरकम जिंदा बम है, जिसकी मारक क्षमता करीब 50 मीटर तक बताई जा रही है। पुलिस ने बम को सेना के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया है, जिसे डिफ्यूज किया जाएगा। बताया जा रहा है कि जमीन के अंदर मिला बम यूएक्सओ (UXO) है। जहां यह बम मिला, वह स्थान आयुध निर्माणी फैक्ट्री खमरिया से करीब 6 किलोमीटर दूर है। मजदूरों को नजर आई लोहे जैसी वस्तु ग्राम गदेरी में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शाम के समय खुदाई के दौरान मजदूरों को जमीन में कुछ लोहे जैसी वस्तु दिखाई दी। इसकी सूचना मकान मालिक को दी गई। उन्होंने वस्तु को देखा तो बम होने की आशंका पर तुरंत पुलिस को सूचना दी। जमीन के अंदर बम मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद खमरिया थाना पुलिस ने सेना के अधिकारियों को सूचना दी। 3 से 4 फीट नीचे दबा था बम ग्राम गदेरी निवासी सुनील यादव के प्लॉट पर भवन निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के लिए पिलर की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान जमीन से करीब 3 से 4 फीट नीचे मजदूरों को एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। पहले इसे लोहे का कबाड़ समझा गया, लेकिन करीब से देखने पर इसकी आकृति बम जैसी नजर आई। इसके बाद मजदूरों में दहशत फैल गई और काम तुरंत बंद कर दिया गया। UXO बम का वजन 12 किलो से अधिक सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंच गया। टीम ने पूरे इलाके को सुरक्षित कर संदिग्ध वस्तु की जांच की। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि वह एक जिंदा यूएक्सओ (UXO) बम है, जिसका वजन करीब 12 किलो से अधिक बताया जा रहा है। बम की स्थिति को देखते हुए आसपास के लोगों को वहां से हटा दिया गया। खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया बम को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लेकर सेना के अधिकारियों को सौंप दिया है। अब सेना की टीम द्वारा उसे डिफ्यूज करने की प्रक्रिया की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
