राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार 21 जून को संस्कारधानी जबलपुर में रहेंगी। वे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (आरडीवीवी) के 36वें दीक्षांत समारोह की मुख्य अतिथि होंगी। राज्यपाल एवं कुलाधिपति मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति शनिवार शाम विशेष वायुसेना विमान से जबलपुर पहुंचीं और रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में किया। रविवार सुबह उनका पहला कार्यक्रम सदर स्थित गैरीसन ग्राउंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह होगा। सुबह 7:20 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी और 7:30 बजे से आयोजित राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति सुबह 8:35 बजे गैरीसन ग्राउंड से सर्किट हाउस लौटेंगी। इसके बाद वे सुबह 11:30 बजे सर्किट हाउस से रवाना होकर 11:40 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पहुंचेंगी। यहां वे 11:50 बजे से दोपहर 12:50 बजे तक आयोजित विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। दीक्षांत समारोह में 20 स्वर्ण पदकों का वितरण दीक्षांत समारोह में उपाधियों और स्वर्ण पदकों के वितरण को लेकर हाल के दिनों में विवाद की स्थिति बनी थी। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने निर्णय लिया कि राष्ट्रपति के हाथों 20 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। शेष स्वर्ण पदक और उपाधियां राष्ट्रपति के प्रस्थान के बाद उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार वितरित करेंगे। इस व्यवस्था को लेकर कुछ विद्यार्थियों ने नाराजगी भी जताई थी। शुक्रवार को आयोजित रिहर्सल के दौरान एक छात्रा ने आपत्ति दर्ज कराई, जिसे अधिकारियों ने समझाइश देकर शांत कराया। दीक्षांत समारोह की तैयारियों के तहत विश्वविद्यालय में शुक्रवार को पूरे दिन रिहर्सल आयोजित की गई। स्वर्ण पदक विजेताओं, शोधार्थियों, प्राध्यापकों और अतिथियों के मंच तक पहुंचने, सम्मान ग्रहण करने और बैठने की व्यवस्थाओं का अभ्यास कराया गया। दीक्षांत समिति के संयोजक प्रो. एस.एस. संधू और प्रो. राकेश बाजपेयी के अनुसार राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी गतिविधियों की सूक्ष्म समीक्षा की गई है। 20 साल बाद दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति की मौजूदगी रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के इतिहास में लगभग दो दशक बाद किसी राष्ट्रपति की उपस्थिति में दीक्षांत समारोह आयोजित हो रहा है। इससे पहले वर्ष 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए थे। उस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की कई तस्वीरें अपनी वेबसाइट पर साझा की थीं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम, कई मार्ग रहेंगे प्रतिबंधित राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए डुमना एयरपोर्ट, सर्किट हाउस, गैरीसन ग्राउंड और विश्वविद्यालय परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं तथा बिना अनुमति किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। वहीं दीक्षांत समारोह के दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक विश्वविद्यालय मार्ग पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। राष्ट्रपति का काफिला विश्वविद्यालय के गेट नंबर-2 से प्रवेश करेगा, जबकि गेट नंबर-3 को आपातकालीन निकासी मार्ग के रूप में चिन्हित किया गया है। वीआईपी वाहनों की पार्किंग गेट नंबर-1 पर तथा अन्य चारपहिया और दोपहिया वाहनों की पार्किंग गेट नंबर-4 पर की जाएगी। समारोह समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति दोपहर 12:50 बजे विश्वविद्यालय से रवाना होकर 1:10 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगी और दोपहर 1:20 बजे वायुसेना के विशेष विमान से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगी।
