Homeमध्यप्रदेशजंगल में अस्पताल:6.65 करोड़ से वीराने में बनाया स्वास्थ्य केंद्र, न तो...

जंगल में अस्पताल:6.65 करोड़ से वीराने में बनाया स्वास्थ्य केंद्र, न तो पक्की सड़क और न ही रोशनी के इंतजाम

गांव के जरूरतमंदों को चौखट पर इलाज मिले, इसी सोच के साथ सरकार ने महू विकासखंड में 6.65 करोड़ रुपए की लागत से नए स्वास्थ्य केंद्रों को मंजूरी दी थी। लेकिन प्लानिंग का दिवालियापन देखिए कि इन अस्पतालों का निर्माण गांव की आबादी के बीच करने के बजाय दूर-दराज के खेतों, पहाड़ियों और घने जंगलों के मुहाने पर कर दिया गया। आलम यह है कि करोड़ों की लागत से खड़े हो रहे इन भवनों तक पहुंचने के लिए न तो पक्की सड़क है और न ही रोशनी के इंतजाम। मरीजों को ऊबड़-खाबड़, पथरीले और कीचड़ भरे रास्तों का जोखिम उठाकर इलाज कराने जाना पड़ेगा। आंबाचंदन में नया भवन आबादी से एक किमी दूर है जबकि चोरल में तीन करोड़ का पीएचसी डेढ़ किमी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह सरकारी पैसा ग्रामीणों की सेहत सुधारने के लिए बहाया गया या सिर्फ इमारतों का ढांचा खड़ा करने के लिए? इस पूरी लापरवाही के पीछे का असली सच यह है कि महू विकासखंड की अधिकांश ज़मीन वन विभाग के कब्ज़े में है। महू विकासखंड में राजस्व ज़मीन का नामोनिशान तक नहीं है। ऐसे में अफसरों ने अपनी गर्दन बचाने के लिए ज़मीन का हवाला दिया और बिना एप्रोच रोड या सुरक्षा की चिंता किए, सीधे जंगल के मुहाने पर कंक्रीट का ढांचा खड़ा कर दिया। चोरल : डेढ़ किमी दूर अस्पताल, पहुंचने के लिए पक्की सड़क तक नहीं
लागत- 3 करोड़ रुपए चोरल का मौजूदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुख्य मार्ग पर है, लेकिन 3 करोड़ रुपए की लागत से नया भवन गांव से करीब डेढ़ किमी दूर बनाया जा रहा है। यह स्थान पहाड़ी और जंगल क्षेत्र के बीच है। यहां पहुंचने के लिए पक्की सड़क की सुविधा नहीं है। बारिश में रास्ते पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य मरीज किसी तरह पहुंच भी जाएं, लेकिन गंभीर मरीज, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं के लिए यह दूरी परेशानी बढ़ाने वाली है। ऐसे में करोड़ों रुपए की लागत वाले स्वास्थ्य केंद्र की सबसे अहम जरूरत-मरीजों की आसान पहुंच ही सवालों के घेरे में है। खुर्दा खुर्द : दो साल पहले भूमिपूजन, अभी निर्माण ही शुरू नहीं…
लागत- 3 करोड़
खुर्दा खुर्द में करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए करीब दो साल पहले भूमिपूजन किया गया था। इसके बाद भी निर्माण शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों के अनुसार प्रस्ताव और जमीन से जुड़ी प्रक्रिया में मामला अटका हुआ है। स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने से ग्रामीणों को इलाज के लिए करीब 6 किमी दूर मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता है। इससे छोटी बीमारी के इलाज के लिए भी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। भूमिपूजन के दो साल बाद भी जमीन और प्रक्रिया में उलझा प्रोजेक्ट यह सवाल भी खड़ा करता है कि जरूरतमंद गांव को स्वास्थ्य सुविधा आखिर कब मिलेगी। महूगांव : संजीवनी क्लीनिक तैयार, आधा स्टाफ नहीं
महूगांव क्षेत्र में तेलीखेड़ा के पास संजीवनी क्लीनिक का भवन तैयार होने के डेढ़ साल बाद शुरू हुआ, लेकिन यहां स्टाफ की कमी है। 6 स्वास्थ्यकर्मियों की जगह फिलहाल 3 ही हैं। विभाग ने इसके लिए वैकेंसी निकाली है। महूगांव और धारनाका क्षेत्र के लोगों के लिए इसकी दूरी भी एक मुद्दा है। चोरल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गांव से दूर बना है, पहुंच मार्ग बना रहे हैं। – राकेश परमार, एसडीएम, महू आंबाचंदन व चोरल में अधिकांश भूमि वन विभाग के अधीन थी। ऐसे में जहां भूमि मिली वहां पर केंद्र बनाए गए है। -सरदार मालवीय, जनपद अध्यक्ष, महू जिन स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच मार्ग नहीं है, वहां सड़क का निर्माण किया जाएगा। -उषा ठाकुर, क्षेत्रीय विधायक आंबाचंदन में 65 लाख का भवन 1 किमी दूर आंबाचंदन में 65 लाख रुपए की लागत से नया भवन गांव से करीब एक किमी दूर और जंगल के करीब बनाया जा रहा है। यहां पहुंचने के लिए 500 मीटर कच्ची सड़क है। रात के समय रोशनी की व्यवस्था भी नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार यहां जंगली जानवरों की आवाजाही भी रहती है। यानी जिस भवन पर लाखों रुपए खर्च हो रहे हैं, वहां पहुंचने का रास्ता ही मरीजों के लिए चुनौती बना हुआ है। सीधी बात डॉ. माधव हसानी, सीएमएचओ स्वास्थ्य केंद्र दूर क्यों बनाए?
– राजस्व विभाग या पंचायत ने जहां जमीन दी, वहीं पर बनाएं। मरीजों को परेशानी होगी?
– इसका कोई विकल्प नहीं है। जब जमीन ही नहीं होगी तो स्वास्थ्य केंद्र कहां बनाएंगे। पहुंचने का सड़क मार्ग भी कच्चा है, ऐसे में मरीज कैसे पहुंचेंगे?
– यह विचार पंचायत को करना चाहिए कि आबादी से दूर जमीन क्यों दी और अगर दी तो वहां तक का पहुंच मार्ग व्यवस्थित करें।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here