रायपुर के भाठागांव स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में छात्र से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दावा किया जा रहा है कि करीब 40 सेकेंड के वीडियो में छात्र को 46 से ज्यादा थप्पड़ मारे गए। वहीं, एक युवक पीड़ित के चेहरे पर लात मारते हुए भी दिखाई दे रहा है। पीड़ित छात्र ने दैनिक भास्कर डिजिटल से बातचीत में आपबीती बताई। उसने आरोप लगाया कि प्रेयर के बाद कुछ युवकों ने उसके साथ मिसबिहेव किया। इस दौरान उसे नीची जाति का कहकर अपमानित किया गया और जूता चाटने के लिए कहा गया। पीड़ित के मुताबिक, युवकों ने उससे गुलामी करने जैसी बातें भी कहीं। यह भी आरोप है कि मारपीट करने वाले कुछ युवक बाद में उसके घर भी पहुंचे थे। इससे वह और उसका परिवार डर गया था। देखिए पहले ये तस्वीरें- जानिए पीड़ित छात्र ने क्या कुछ कहा ? स्कूल में पहले दिन से ही कुछ लड़कों का व्यवहार उसे ठीक नहीं लगा। वे उसके साथ गाली-गलौज करते थे। इसकी जानकारी उसने घरवालों को दे दी थी। उसके मुताबिक, 5 अगस्त को प्रेयर के बाद एक लड़के ने दोबारा उसके साथ मिसबिहेव किया। उसने जाति को लेकर अपमानजनक बातें कहीं और धमकी दी कि वह बाहर से आया है, इसलिए उसे झुककर रहना पड़ेगा। पीड़ित का आरोप है कि उसे जूता चाटने के लिए भी कहा गया। उसने इन बातों का विरोध किया। पीड़ित ने बताया कि स्कूल से बाहर निकलने के बाद कुछ क्लासमेट्स ने बाहर से लड़कों को बुलाया और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट करने वालों ने धमकी दी कि उनकी पहचान है और वह जहां दिखेगा, वहां उसे मरवा सकते हैं। इससे वह डर गया था। उसने बताया कि उसे यह पता नहीं था कि मारपीट का वीडियो बनाकर वायरल किया जाएगा। पीड़ित के मुताबिक, 8 अगस्त को वीडियो वायरल होने के बाद वह परिजनों के साथ थाने पहुंचा और पुलिस को वीडियो दिखाया। उसका आरोप है कि दूसरे पक्ष की मां वकील हैं और उनकी शिकायत पहले ही दर्ज कर ली गई थी। पीड़ित ने कहा कि उसकी शिकायत बाद में दर्ज की गई। जानिए क्या है पूरा मामला ? जानकारी के मुताबिक, स्कूल में छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद लड़कों ने बाहर से कुछ युवकों को बुलाया। इन लड़कों ने पीड़ित छात्र के साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। वीडियो में एक छात्र की पिटाई करते हुए कुछ लड़के नजर आ रहे हैं। वीडियो को लेकर दावा है कि आरोपियों ने छात्र को धमकाया भी। कथित तौर पर एक लड़के ने खुद को डॉन बताते हुए कहा कि उसकी मां वकील है और जज से उसकी सेटिंग है। पुलिस ने दर्ज किया केस परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी स्कूल प्राचार्य को दी गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। डर और दबाव के चलते किशोर ने स्कूल से TC ले लिया। पीड़ित के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी है। वहीं, दूसरे पक्ष के लोगों ने पुरानी बस्ती थाना पहुंचकर किशोर पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। BEO बोले- स्कूल प्रबंधन से मांगी गई है जानकारी वहीं, इस मामले में रायपुर जिला ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली। मारपीट स्कूल के बाहर हुई है। मारपीट करने वाल असामाजिक तत्व थे। इस घटना को लेकर स्कूल प्रबंधन से जानकारी मांगी गई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ……………….. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… 40 सेकेंड में 46 थप्पड़, चेहरे पर लात मारी,VIDEO: रायपुर में छात्र से मारपीट; युवक बोला- मां वकील, जज से सेटिंग; पीड़ित ने छोड़ा स्कूल रायपुर के भाठागांव स्वामी आत्मानंद स्कूल के छात्र से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि 40 सेकेंड में छात्र को 46 से ज्यादा थप्पड़ मारे गए। वहीं एक छात्र पीड़ित के चेहरे पर लात मारते हुए दिख रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
