Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती के बाद सूबेदार-SI मुख्य परीक्षा स्थगित:CGPSC ने पहले...

छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती के बाद सूबेदार-SI मुख्य परीक्षा स्थगित:CGPSC ने पहले अक्टूबर, फिर नवंबर में रखा था एग्जाम; नई तारीख को घोषणा नहीं

छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती के बाद सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा एक बार फिर टल गई है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने मंगलवार को परीक्षा स्थगित करने की सूचना जारी की। इससे पहले 24, 25 और 26 अक्टूबर को परीक्षा संभावित थी। बाद में इसे बदलकर 2, 3 और 4 नवंबर किया गया था। अब इन तारीखों पर भी परीक्षा नहीं होगी। आयोग ने अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया है, लेकिन नई तारीखों का ऐलान नहीं किया है। इससे पहले 10 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती परीक्षा और CGPSC-2025 की परीक्षा पर रोक लग चुकी है। हाईकोर्ट में याचिका लगाने के बाद शिक्षक भर्ती परीक्षा पर रोक लगाने का आदेश जारी किया गया था। बिलासपुर में नाराज अभ्यर्थियों ने कैंडल-मार्च निकालकर प्रदर्शन भी किया था। 4 अगस्त को जारी हुआ था रिजल्ट दरअसल, CGPSC ने सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर के 341 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट 4 अगस्त को जारी किया था। यह परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों में आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए 183 केंद्र बनाए गए थे। प्रारंभिक परीक्षा में 7,301 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जिन्हें मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है। पहले अक्टूबर, फिर नवंबर और अब परीक्षा स्थगित मुख्य परीक्षा की तारीखों में अब तक दो बार बदलाव हुआ है। पहले परीक्षा 24 से 26 अक्टूबर के बीच संभावित थी। 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा होने के कारण तारीखों में बदलाव किया गया और मुख्य परीक्षा 2 से 4 नवंबर तक तय की गई। अब आयोग ने इन तारीखों पर होने वाली परीक्षा भी स्थगित कर दी है। एग्जाम स्थगित करने के पीछे अपरिहार्य कारण बताए हैं। हालांकि, इन कारणों का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया गया है। नई तारीखों की घोषणा अलग से की जाएगी। प्री-रिजल्ट में नामों को लेकर हुआ था विवाद CGPSC ने 4 अगस्त 2026 को सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी किया था। जिसके बाद इस परीक्षा को लेकर सियासत हुई थी। रिजल्ट की सूची सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ‘NEWS’, ‘SPACERANI’, ‘HE RAM’ और ‘BHAKT PRAHLAD’ जैसे नाम चर्चा में आ गए थे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ‘NEWS’ और ‘SPACE RANI’ के चयन पर तंज कसते हुए सरकार पर निशाना साधा था। कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। विवाद बढ़ने के बाद CGPSC ने स्पष्ट किया था कि चयन सूची में दर्ज नाम अभ्यर्थियों की ओर से ऑनलाइन आवेदन में भरी गई जानकारी के अनुसार हैं। इसके बाद ‘NEWS’ नाम से चयनित न्यूज कुमार प्रधान समेत कुछ अभ्यर्थियों ने वीडियो जारी कर अपने नाम को सही बताया और दस्तावेजों का हवाला दिया था। …………………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए… छत्तीसगढ़ में ‘न्यूज’ और ‘स्पेस-रानी’ ने पास की SI परीक्षा: भूपेश बोले- सांय-सांय बधाई, CGPSC ने कहा- अभ्यर्थियों ने खुद दर्ज किए थे नाम छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की ओर से जारी सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के प्रीलिम्स रिजल्ट में कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। लिस्ट के अनुसार ‘NEWS’ और ‘SPACE RANI’ नाम के कैंडिटेट ने SI भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा पास की है। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here