छतरपुर में रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की जान चली गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। तीनों एक शादी समारोह से बाइक पर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बड़ेरापुरा निवासी रामकृपाल सेन (60), उनका बेटा संदीप सेन (32) और हेमंत कुशवाहा (19) छतरपुर के एक होटल में शादी समारोह में गए थे। रात करीब 11 बजे तीनों एक ही बाइक से गांव लौट रहे थे। हमा गांव के पास निर्माणाधीन ब्रिज पर अज्ञात बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रामकृपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संदीप ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायल हेमंत का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। देखिए चक्का जाम की तस्वीरें…
सबूत मिटाने के लिए आरोपी ने छीना मोबाइल
घायल हेमंत ने बताया कि हादसे के बाद उसने अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बना लिया था। यह देख आरोपी वाहन चालक उसका मोबाइल छीनकर मौके से भाग गया, ताकि कोई सबूत न बचे। पुलिस को घटनास्थल से बोलेरो के टूटे हुए हिस्से मिले हैं, जिसके आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर रखा शव
सोमवार को हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हमा गांव में शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि एमकेसी कंपनी ब्रिज बना रही है, लेकिन वहां कोई बैरिकेड या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया है। सूचना मिलते ही सीएसपी और कोतवाली समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस अधिकारी परिजनों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं।
