छतरपुर में न्यायालय परिसर के पास 23 वर्षीय युवक की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना रविवार रात लवकुशनगर थाना क्षेत्र में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान 23 वर्षीय केके गुप्ता के रूप में हुई है। शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस खूनी वारदात के पीछे पैसों के लेनदेन का पुराना विवाद बताया जा रहा है। गला रेतकर की हत्या
न्यायालय परिसर के पास केके गुप्ता का कुछ लोगों से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने तैश में आकर धारदार हथियार निकाल लिया और केके गुप्ता पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बेरहमी से युवक का गला रेत दिया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। कुछ देर में परिजनों को इसकी जानकारी लगी तो वे युवक को कार से अस्पताल लेकर पहुंचे। जिस कार से युवक को लाया गया उसमें खून के निशान कार के भीतर और गेट पर दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद लवकुशनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर रवाना कर दी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
