मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुस गए कुत्ते
रतलाम में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रशासन और नगर निगम की व्यवस्थाओं की उस वक्त पोल खुल गई, जब समारोह स्थल पर कुत्ते घुस आए। खास बात ये रही कि उस वक्त कलेक्टर का भाषण चल रहा था और कुत्ते बेखौफ होकर मैदान में घूमते नजर आए। कुत्ते पूरे मैदान में आजादी से घूमते रहे और मस्ती करते रहे। बाद में उन पर नजर पड़ी तो एक पुलिसकर्मी ने उन्हें मैदान से बाहर खदेड़ा। हालांकि, तब तक पूरा वाकया कैमरे में कैद हो चुका था, जो अब प्रशासन की किरकिरी का कारण बन रहा है। अब लोग भी इस पर चुटकी ले रहे हैं। उनका कहना है कि जब पूरा देश आजादी का जश्न मना रहा है, तो भला कुत्ते पीछे कैसे रहते। वे भी पूरी आजादी के साथ समारोह स्थल पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने पहुंच गए। लोग नगर निगम पर भी तंज कस रहे हैं कि रतलाम में कुत्तों को इतनी आजादी दे रखी है कि वे कहीं भी बेखौफ घूमते नजर आ जाते हैं। बच्चों को कीचड़ भरे मैदान में देनी पड़ी प्रस्तुति
नर्मदापुरम में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान व्यवस्थाओं की दो अलग-अलग तस्वीरें नजर आईं, जिन पर अब सवाल उठ रहे हैं। दरअसल, बारिश के चलते समारोह स्थल के पूरे मैदान में कीचड़ फैल गया था। ऐसे में स्कूली बच्चे कीचड़ भरे मैदान में ही अपनी प्रस्तुति देने को मजबूर हुए। वहीं, मैदान के एक हिस्से में गिट्टी की चूरी बिछाकर उसे चकाचक किया गया, जहां पुलिस की परेड हुई। अब लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब पुलिस की परेड के लिए मैदान के एक हिस्से को चलने लायक बनाया जा सकता था, तो बच्चों के लिए भी ऐसी ही व्यवस्था क्यों नहीं की गई? आखिर उन्हें कीचड़ में खड़े होकर प्रस्तुति देने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ा? लोग इस पर चुटकी लेते हुए कह रहे हैं कि ये तो वही बात हो गई- ‘मुंह देखकर टीका करना’। जब व्यवस्थाओं में इतना फर्क नजर आएगा, तो सवाल तो उठेंगे ही। घूंघट के बंधन में मनाया आजादी का पर्व
स्वतंत्रता दिवस पर मंदसौर के गरोठ से आजादी की एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने महिला सशक्तिकरण के दावों पर सवाल खड़े कर दिए। मेलखेड़ा पंचायत में महिला सरपंच ने घूंघट में तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया। वीडियो में महिला सरपंच का चेहरा घूंघट से पूरी तरह ढका नजर आ रहा है। उन्होंने इसी हालत में झंडा वंदन किया और तिरंगे को सलामी दी। इस समारोह में स्कूली बच्चे, गांव के लोग, पंच और अन्य लोग भी शामिल हुए। अब इस तस्वीर को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि जब देश महिलाओं को राजनीति में बराबरी की हिस्सेदारी देने की बात कर रहा है, तो जमीनी हकीकत ऐसी क्यों नजर आ रही है? भाजपा नेता की बर्थडे पार्टी में एसआई का गाना
मंदसौर में एक सब इंस्पेक्टर और भाजपा नेता की दोस्ती के चर्चे जोरों पर हैं। दरअसल, सब इंस्पेक्टर भाजपा नेता की बर्थडे पार्टी में शामिल हुए और उनके लिए ‘तेरे जैसा यार कहां, कहां ऐसा याराना’ गाना भी गाया। एसआई का नाम भीम सिंह है, जो जिले की कचनारा पुलिस चौकी के प्रभारी हैं। अब उनका वीडियो सामने आया तो उनका नेता जी की महफिल में पहुंचना सुर्खियों में आ गया। वैसे विपक्ष पहले से ही पुलिस पर भाजपा नेताओं के इशारे पर काम करने के आरोप लगाता रहा है। ऐसे में एसआई का भाजपा नेता की बर्थडे पार्टी में गाना गाना सामने आया तो लोग भी पूछने लगे- आखिर ये रिश्ता क्या कहलाता है? भाजपा नेता की बर्थडे पार्टी में एसआई ने जो नगमा छेड़ा, उसकी गूंज पुलिस के आला अधिकारियों तक भी पहुंच गई। बताया जा रहा है कि एसआई को कारण बताओ नोटिस भी थमा दिया गया है। और अब अंदर की बात.. दतिया की हार पर एक्शन की तैयारी
बीते दिनों मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल अपने विधानसभा क्षेत्र में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे। लेकिन तिरंगा यात्रा बीच में छोड़कर वे अचानक दिल्ली रवाना हो गए। वहां उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। हेमंत खंडेलवाल के आनन-फानन में दिल्ली पहुंचने के बाद चर्चा शुरू हो गई कि दतिया उपचुनाव में हार के बाद उन्हें दिल्ली तलब किया गया है। हालांकि, अंदरखाने की कहानी कुछ और है। उन्हें दिल्ली से तलब नहीं किया गया था, बल्कि प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं से राय-मशविरा करने के बाद वे खुद दिल्ली गए थे। बताया जा रहा है कि दिल्ली में उन्होंने दतिया उपचुनाव के नतीजे और हार के कारणों को लेकर भी आला नेताओं से चर्चा की है। अंदरखाने की खबर ये भी है कि भाजपा लीडरशिप दतिया उपचुनाव की हार को लेकर मध्य प्रदेश के कई नेताओं से बात कर चुकी है। ऐसे में अब इस मामले में जल्द ही कोई बड़ा फैसला या एक्शन देखने को मिल सकता है। इनपुट सहयोग – केके शर्मा (रतलाम), धर्मेंद्र दीवान (नर्मदापुरम), जीवन सांकला (गरोठ), शादाब चौधरी (मंदसौर) ये भी पढ़ें –
सीएम के सामने धक्का-मुक्की, फोटो खिंचाने की होड़: जुबान फिसली, विजयवर्गीय बोले- भाजपा देश की चिंता नहीं करती मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के एक कार्यक्रम का वीडियो सामने आया है। इसमें भाजपा नेता सीएम के साथ फोटो फ्रेम में आने की होड़ में धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। इधर, एक कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की जुबान फिसल गई। वे ये कह गए कि भाजपा देश की चिंता नहीं करती। हालांकि उन्होंने फौरन गलती सुधार भी ली। पूरी खबर पढ़ें
