छतरपुर जिले के चंदला थाना क्षेत्र के ग्राम बरुआ में सोमवार सुबह गैस सिलेंडर में रिसाव से आग लग गई। इस हादसे में खाना बना रही तीन सगी बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं। आग से पूरा मकान और उसमें रखा गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम बरुआ निवासी मूलचंद रजक की बेटियां वंदना रजक, रोशनी रजक और उमाकांति रजक रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से अचानक रिसाव शुरू हो गया। चूल्हे की चिंगारी से गैस ने आग पकड़ ली, जिससे तीनों बहनें आग की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तीनों झुलसी हुई बहनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। मकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया
अग्निकांड में मूलचंद रजक का मकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में परिवार को करीब ढाई से तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है। घटना के दौरान घर में मौजूद छोटे बच्चों को स्थानीय लोगों और परिजनों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। पीड़ित मूलचंद रजक ने शासन और जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजे की मांग की, ताकि परिवार को हुए नुकसान की भरपाई हो सके और वे अपना जीवन फिर से शुरू कर सकें।
