मैहर जिले के वीरांगना रानी दुर्गावती कन्या छात्रावास से वीडियो सामने आया है। वीडियो में छात्राएं चूल्हे पर खाना बनाती दिख रही हैं। छात्राओं ने आरोप लगाया है कि उन्हें पिछले दो माह से छात्रावास में उचित भोजन नहीं मिल रहा है, जिसके कारण उन्हें स्वयं खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वायरल वीडियो में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा रोशनी दीपांकर ने बताया कि छात्रावास में भोजन व्यवस्था पिछले दो महीनों से ठीक नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई बार छात्राओं को अपने घरों से अनाज लाना पड़ता है, जिससे उनका पढ़ाई का समय खाना बनाने में ही निकल जाता है। छात्रा ने वीडियो के माध्यम से शासन और प्रशासन से छात्रावास में भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। वीडियो में छात्राएं लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाती स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं, जो छात्रावास की अव्यवस्थाओं को उजागर करता है। तस्वीरें देखिए… क्या कहते हैं जिम्मेदार मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। डिस्ट्रिक्ट ट्राइबल ऑफिसर कमलेश शुक्ला ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आ गया है और छात्राओं के लिए भोजन की व्यवस्था करवा दी गई है। उन्होंने आगे कहा कि छात्रावास की व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। छात्रावास की वार्डन को नोटिस जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह ने दैनिक भास्कर की खबर को सज्ञान में लेते हुए बताया कि छात्रावास की वार्डन को नोटिस जारी किया गया है। संबंधित छात्रा से वीडियो कॉल पर मामले की जानकारी ली गई है। सीईओ ने छात्रा से कहा कि छात्रावास में समस्या होती है, अवगत कराएं। मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने बताया- मामले में छात्रावास के वार्डन को नोटिस जारी किया गया है। अगर इसमें जिला ट्राइबल ऑफिसर भी दोषी पाए जाते है, तो उनपर भी कार्रवाई की जाएगी।
