सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता का शव उसके मायके में फांसी के फंदे पर लटका मिला। युवती ने सुसाइड से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलाेड किया, जिसमें उसने एक युवक पर शारीरिक शोषण और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर मामले में कार्रवाई के लिए ज्ञापन दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इंस्टाग्राम वीडियो में बताई ब्लैकमेलिंग की कहानी जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात को महिला ने इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड किया। इसमें उसने आरोप लगाया कि गांव का ही एक युवक उसे पुराने संबंधों को लेकर लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था। युवती ने वीडियो में बताया कि युवक ने उसके पति को आपत्तिजनक जानकारी भेजकर उसका वैवाहिक जीवन खराब कर दिया था। 10 महीने पहले हुई शादी के बाद से ही आरोपी उसे लगातार बदनाम करने की धमकी देकर प्रताड़ित कर रहा था। रात में घर पर लगाई फांसी उसने वीडियो में जान देने की बात कही। इसके बाद गुरुवार रात को मायके आई महिला का शव घर में ही फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने शव लटका देख पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर शव को उतारा गया। परिजनों ने लगाया शारीरिक शोषण का आरोप वहीं मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक उनकी बेटी का वीडियो बनाकर उसे डराता-धमकाता था और लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण भी किया। बदनामी और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर युवती तनाव में थी, जिसके चलते उसने मायके में यह कदम उठाया। आक्रोशित परिजनों ने दी आंदोलन की चेतावनी घटना के बाद शुक्रवार को आक्रोशित परिजन और ग्रामीण थाने पहुंचे और आरोपी पर कार्रवाई को लेकर ज्ञापन दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है। बांदरी थाना प्रभारी सुमेर सिंह जगेत ने बताया- परिजनों से शिकायती आवेदन मिला है। जांच के लिए मृतका का मोबाइल और वीडियो साक्ष्य के तौर पर लिए हैं। पीएम रिपोर्ट और परिजनों के विस्तृत बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
