खरगोन के सनावद रोड स्थित न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक अविकसित भ्रूण बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, यह भ्रूण लगभग चार माह का है। इसकी जानकारी तब हुई जब कार्टून बॉक्स के आसपास कुत्ते मंडरा रहे थे, जिससे लोगों को संदेह हुआ। जैतापुर पुलिस को शाम 5 बजे जीवन बीमा निगम कार्यालय की बाउंड्रीवाल के किनारे झाड़ियों में भ्रूण मिलने की सूचना मिली। थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया मौके पर पहुंचे और लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। कॉलोनी निवासी लोकेश जाधव और सुशील भावसार ने बताया कि झाड़ियों में पड़े कार्टून बॉक्स के पास कुत्तों को मंडराते देख उन्हें शक हुआ। जांच करने पर बॉक्स के अंदर एक अविकसित भ्रूण मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा बनाया और जांच शुरू कर दी है। भ्रूण को एक बॉक्स में रखकर जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां शनिवार सुबह उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही, महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमों से क्षेत्र में हाल ही में हुए किसी प्रसव के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
