कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क सिटी स्थित ओरोलाइट मल्टी स्टोरी में NEET की तैयारी कर रही 20 साल की छात्रा के सुसाइड का मामला सामने आया है। छात्रा खुशबू पटेल मध्यप्रदेश के छतरपुर की रहने वाली थी और अपनी छोटी बहन खुशी के साथ कोटा में रह रही थी। थानाधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि खुशबू और उसकी बहन खुशी 2023 से कोटा में रहकर निजी कोचिंग संस्थान से पढ़ाई कर रही थीं। खुशबू NEET की तैयारी कर रही थी, जबकि उसकी छोटी बहन JEE की तैयारी कर रही है। दोनों बहनों ने जुलाई में ही लैंडमार्क सिटी में किराए पर फ्लैट लिया था। गेट नहीं खोलने पर बहन ने सहेली को बुलाया मंगलवार शाम खुशी कोचिंग से वापस फ्लैट पर पहुंची। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसने अपनी सहेली को फोन कर बुलाया और मल्टी स्टोरी के लोगों को भी जानकारी दी। इसके बाद फ्लैट का लॉक खुलवाया गया। अंदर खुशबू फंदे पर लटकी मिली। शव को अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को तुरंत एमबीएस अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया और घटना की जानकारी परिजनों को छतरपुर में दी गई। परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम कराएगी। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और छात्रा की मौत से जुड़े परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
