रीवा के एक होटल में युवती के साथ मिलने के बाद विवादों में आए सतना जिले के बरौंधा सर्किल में पदस्थ वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) बृजेंद्र पाण्डेय और उनकी महिला मित्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला सोमवार को उस समय चर्चा में आया था, जब रेंजर की पत्नी ने होटल के कमरे में दोनों को साथ पकड़ लिया था। घटना के बाद होटल परिसर से लेकर सड़क तक काफी देर तक हंगामा चलता रहा। जानकारी के अनुसार, रेंजर की पत्नी को सूचना मिली थी कि उनके पति रीवा के होटल रॉयल इन में ठहरे हुए हैं। इसके बाद वह सीधे होटल पहुंचीं और संबंधित कमरे तक पहुंच गईं। बताया जाता है कि दरवाजा खुलने पर पत्नी ने पति से कमरे में मौजूद व्यक्ति के बारे में पूछा। रेंजर ने कमरे में किसी अन्य के नहीं होने की बात कही, लेकिन संदेह होने पर पत्नी कमरे के भीतर पहुंच गईं, जहां उन्हें एक युवती मिली। होटल परिसर में हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पत्नी युवती को कमरे से बाहर लेकर आईं और उससे उसके तथा रेंजर के संबंधों को लेकर सवाल-जवाब करने लगीं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और होटल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम के वीडियो भी बनाए, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। मौजूद लोगों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर रेंजर वहां से निकल गए। वहीं उनकी पत्नी लगातार सवाल-जवाब करती रहीं। घटना के बाद होटल परिसर और आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा। रेंजर और महिला मित्र के खिलाफ FIR
मामले में अब नया मोड़ आ गया है। जानकारी के अनुसार, रीवा के चोरहटा थाना में रेंजर बृजेंद्र पाण्डेय और उनकी महिला मित्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी मामले में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि रेंजर की पत्नी सतना जिले के बरौंधा थाना में आरक्षक पद पर पदस्थ हैं। सूत्रों के अनुसार, वह बिना अवकाश स्वीकृत कराए और बिना किसी पूर्व सूचना के ड्यूटी छोड़कर रीवा पहुंची थीं। पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में दर्ज एफआईआर और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, रेंजर, उनकी महिला मित्र और पत्नी की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
