केदारनाथ धाम से लौटते समय मध्य प्रदेश के एक दंपती लापता हो गए। दोनों पहले सभी यात्रियों के साथ चल रहे थे, लेकिन अचानक दोनों ने खराब मौसम के कारण रास्ता बदल दिया, जिससे वे भटक गए। घटना के बाद साथियों ने इसकी सूचना प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को दी, जिसके बाद उनकी तलाश तेज कर दी गई है। दंपती की पहचान रीवा निवासी अखिलेश तिवारी (60) और उनकी पत्नी सत्यवती तिवारी (60) के तौर पर हुई है। वे बुधवार सुबह करीब 9 बजे केदारनाथ धाम से नीचे की ओर रवाना हुए थे। देर शाम तक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग ने यात्रा मार्ग पर तैनात सभी सेक्टर अधिकारियों को सतर्क रहने और दंपती की तलाश करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने यात्रियों, स्थानीय लोगों और संबंधित विभागों से भी उनकी तलाश में सहयोग की अपील की है। कोतवाली प्रभारी सोनप्रयाग राकेंद्र सिंह कठेत ने बताया कि बुजुर्ग दंपती की तलाश जारी है। पैदल मार्ग से गौरीकुंड क्षेत्र तक उनकी सघन खोजबीन की जा रही है।
