देवास जिले के कांटाफोड़ में रविवार को कांग्रेस की किसान तिरंगा यात्रा के दौरान एक हादसा हो गया। नगर भ्रमण के दौरान नेताओं से भरी खुली जीप से तीन नेता संतुलन खोकर सड़क पर गिर गए। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है। सोमवार को महिला पार्षद को इलाज के लिए इंदौर ले जाया गया है। जीप में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, देवास जिलाध्यक्ष मनीष चौधरी, इंदौर जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े, मनोज राजानी और बागली विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गोपाल गोखले सहित 10 से अधिक वरिष्ठ कांग्रेस नेता सवार थे। जीप के बोनट पर भी एक कार्यकर्ता बैठा हुआ था। थाने के पास जीप की गति में अचानक बदलाव होने से पीछे खड़े नेता अपना संतुलन नहीं संभाल पाए। हादसे में लोहारदा की पार्षद प्रमिला सिरसोट, बागली विधानसभा प्रभारी सुभाष चौधरी और ब्लॉक अध्यक्ष विष्णु मीणा घायल हो गए। इन्हें आईं चोटें मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तत्काल घायलों को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पार्षद प्रमिला सिरसोट को सतवास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके सिर की चोट पर छह टांके लगाए गए। प्रमिला सिरसोट ने बताया कि सिर के अलावा उनकी पीठ और कमर में भी चोटें आई हैं। प्राथमिक इलाज के बाद सोमवार को उन्हें जांच और सीटी स्कैन के लिए इंदौर भेजा गया।
