धार जिले की मनावर थाना पुलिस ने ग्राम कलवानी में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल इको कार (MP11CC7598) और चोरी का सामान बरामद कर लिया है। कोठार और दुकान से चुराया था मक्का बीज और सामान यह चोरी 27 जून को हुई थी। बदमाशों ने कलवानी गांव में भैरूलाल बर्फा के कोठार से मक्का बीज के चार पैकेट चुरा लिए थे। इसके साथ ही गांव में बद्रीलाल सावनेर की दुकान से ऑयल के केन, मोटरसाइकिल ट्यूब और पंचर बनाने के औजार भी चुराए थे। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज किया था। मुखबिर की सूचना पर गंधवानी से पकड़ाया आरोपी एसडीओपी ब्रजेश मालवीय के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी राजेश यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने गंधवानी क्षेत्र के खोजाकुआ बयडीपुरा निवासी जुवारसिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी अपने साथियों के साथ इको कार में चोरी करने आया था। कोर्ट से 13 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर आरोपी पुलिस ने जुवारसिंह को कोर्ट में पेश कर 13 अगस्त 2026 तक रिमांड पर लिया है। उससे अन्य चोरी के मामलों में पूछताछ की जा रही है। मामले में शामिल कदवाल निवासी देवीसिंह और दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।
