Homeमध्यप्रदेशकटरा बाजार क्षेत्र का प्लान तैयार:दीपावली के लिए दुकानें लगाने 8x6 फीट...

कटरा बाजार क्षेत्र का प्लान तैयार:दीपावली के लिए दुकानें लगाने 8×6 फीट जगह मिलेगी, म्युनिसिपल स्कूल में बनेगा स्टॉक रूम

नगर निगम प्रशासन ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर ऐसा प्लान बनाया है कि इस दीपावली के मौके पर कटरा बाजार क्षेत्र में दोपहिया वाहनों से आवागमन आसान रहे। इसके लिए कटरा बाजार क्षेत्र में हाथठेला लगाना प्रतिबंधित किया गया है। साथ ही दीपावली पर जो दुकानें लगेंगी, उनके लिए फुटपाथ पर जगह तय कर दी गई है। 8 फीट चौड़ाई और 6 फीट लंबाई में दुकानें लगेंगी। कोई भी दुकानदार पलंग, टेबल आदि नहीं लगा सकेगा। जो ऐसा करेगा, उसका सामान जब्त कर लिया जाएगा। मिट्टी के दीया, मूर्तियां, रंगोली आदि की दुकानें म्युनिसिपल स्कूल के सामने लगेंगी। यानी किसी को भी इनकी दुकानें तलाशने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। जो दुकानदार यहां दुकानें लगाएंगे उनका सामान रखने के लिए म्युनिसिपल स्कूल के हॉल में स्टॉक रूम बनाया जाएगा। आने और जाने के लिए दोनों तरफ 32-32 फीट चौड़ी सड़क खाली रहेगी। रोजाना इसकी मॉनीटरिंग भी की जा रही है। इस तरह से बनाया गया है दीपावली के लिए प्लान दीया व मूर्ति बाजार : पंडित मोतीलाल नेहरू म्युनिसिपल स्कूल परिसर के सामने।
फल बाजार : विजय टॉकीज मार्ग।
दोपहिया पार्किंग जोन : तीनबत्ती से फन्नूसा कुआं तक, नए स्थान भी बनेंगे।
जमीन पर दुकानें लगेंगी : फन्नूसा कुआं से कटरा मस्जिद मार्ग ।
पूर्णत: प्रतिबंधित : हाथठेले, सड़क पर टेबल, पलंग या अन्य सामान रखना।
कार्रवाई भी होगी : नियम तोड़ने पर सामग्री जब्ती एवं अतिक्रमण हटाना।
निरीक्षण व प्रबंधन टीम : उपायुक्त, अतिक्रमण प्रभारी, यातायात पुलिस व नगर निगम टीम। साज-सज्जा की दुकानें भी तय जगह पर दीपावली पर साज-सज्जा की सामग्री की दुकानें भी कटरा में बड़ी संख्या में सजती हैं। इनके लिए भी जगह तय की जा रही है। सबको एक समान जगह दी जाएगी। निगमायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि इस तरह से पेंट मार्क किया जाए कि एक दुकान से लगकर ही दूसरी दुकान हो। उनके बीच में बिल्कुल भी गैप न दें, जिससे कोई अपनी दुकान न फैला सके और यह आरोप न लगे कि किसी को ज्यादा जगह दे दी गई। सुबह से रात तक निगम की टीम इन सबकी निगरानी करेगी। उल्लंघन करने वाले को पहले समझाइश देगी फिर कार्रवाई की जाएगी। स्थायी दुकानों के सामने भी जगह छोड़ी दीपावली सहित त्योहारों पर लगने वाले फुटपाथ के बाजार के चलते स्थायी दुकानदारों को यह शिकायत रहती है कि उनके यहां आने का रास्ता ही दुकानों-वाहनों की पार्किंग से ब्लॉक हो जाता है। ऐसे में तय किया गया है कि फुटपाथ की दुकानों के लिए इस तरह से जगह आवंटित की जाएगी कि पीछे की स्थायी दुकानों के सामने 8 से 10 फीट की जगह रहेगी। जहां उनके ग्राहक आसानी से आ सकेंगे। यह दुकानदार अपनी दुकानें यहां तक नहीं फैला सकेंगे। पार्किंग के लिए तीन बत्ती से फन्नुसा कुआं तक तो जगह तय की ही गई है, अन्य ब्लॉक भी बनेंगे। 100 हाथठेला चिन्हित, मनमानी ऑटो पार्किंग पर भी नजर, यही बिगाड़ते हैं ट्रैफिक निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने यातायात डीएसपी सुनील दीक्षित, निगम के अमले एवं यातायात के साथ लगातार निरीक्षण कर स्थानीय व्यापारियों से संवाद किया। इसमें निकलकर आया कि हाथठेले वाले सड़क का ट्रैफिक सबसे ज्यादा बिगाड़ते हैं। निगम या पुलिस के अमले को देखकर अपने ठेले कहीं भी दौड़ाने लग जाते हैं। इसी तरह ऑटो वाले भी सवारियों को बैठाने के लिए कहीं भी पार्किंग बना लेते हैं। इसके बाद ऐसे 100 हाथठेले चिह्नित किए गए और उन्हें कटरा में लगाने प्रतिबंधित कर दिया गया। ऑटो की पार्किंग भी तय जगह पर ही होगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here