कटनी जिले में NH-43 पर शनिवार रात गुड़ा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो कार में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बोलेरो सवार एक ही परिवार के 10 सदस्य गंभीर घायल हो गए हैं, जिनमें मासूम बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कुलदेवता की पूजा कर गांव लौट रहा था परिवार जानकारी के मुताबिक, कटनी जिले के ग्राम सलैया में रहने वाले एक ही परिवार और रिश्तेदारी के लोग उमरिया जिले के कर्चुलिया गांव में अपने कुलदेवता ‘बड़ा देव’ की पूजा में शामिल होने गए थे। शनिवार रात करीब 8 बजे जब सभी लोग बोलेरो कार में सवार होकर वापस अपने गांव सलैया लौट रहे थे, तभी बिलायत कला ग्राम के पास गुड़ा मोड़ पर कटनी से उमरिया की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बोलेरो को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर से उड़े बोलेरो के परखच्चे, ग्रामीणों ने मशक्कत कर निकाला बाहर भिड़ंत इतनी भीषण थी कि हाईवे पर जोरदार धमाका हुआ और बोलेरो कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मदद के लिए दौड़ लगाई। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो के मलबे में फंसे घायल बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद कटनी रेफर सूचना पर 108 एम्बुलेंस और बड़वारा पुलिस मौके पर पहुंची। सभी 10 घायलों को तुरंत बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद अंदरूनी और गंभीर चोटों को देखते हुए सभी मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला कटनी रेफर कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। हादसे में ये लोग हुए घायल: पुलिस ने वाहन जब्त किए, जांच शुरू घटना की जानकारी मिलते ही बड़वारा थाना प्रभारी केके पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया। थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया- हादसे में शामिल ट्रक और बोलेरो दोनों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मर्ग कायम कर हादसे के सही कारणों की जांच कर रही है।
