देवास जिला अस्पताल में 26 वर्षीय याश्वी डंगर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। याश्वी उज्बेकिस्तान से MBBS की पढ़ाई कर रही थी। अपने डॉक्टर पति हार्दिक से मिलने कुछ दिन पहले देवास आई थीं। हार्दिक जिला अस्पताल में तीन महीने की ट्रेनिंग कर रहे हैं। याश्वी को 26 अगस्त को पढ़ाई पूरी करने के लिए वापस उज्बेकिस्तान लौटना था। इससे पहले शुक्रवार को उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह जिला अस्पताल के शौचालय गई थीं, जहां अचेत हो गईं। परिजन और अस्पताल स्टाफ उन्हें तुरंत इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। जांच में याश्वी का ब्लड प्रेशर काफी कम मिला। हालत गंभीर होने पर उन्हें उज्जैन रोड स्थित अमलतास अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पति तीन महीने की ट्रेनिंग पर हैं
जिला अस्पताल के डॉक्टर कमल किशोर ने बताया कि डॉ. हार्दिक तीन महीने की ट्रेनिंग के लिए जिला अस्पताल आए हैं। उनकी पत्नी की अचानक तबीयत बिगड़ी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अमलतास अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। डॉक्टर के अनुसार, मल्टी ऑर्गन फेलियर जैसी स्थिति की आशंका थी और ब्लड प्रेशर भी काफी कम हो गया था। राजकोट से देवास पहुंचे परिजन
याश्वी की मौत की सूचना मिलने के बाद उनके परिजन गुजरात के राजकोट से देवास पहुंचे। विशेष परिस्थिति में अनुमति लेकर शुक्रवार रात पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव को राजकोट ले गए।
