उज्जैन के महाकाल थाना क्षेत्र के नलिया बाखल इलाके में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात चाकूबाजी की घटना में एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मोहित के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। परिजन और स्थानीय लोग थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। देखिए 2 तस्वीरें… बातचीत के दौरान हुआ विवाद जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुई। कुछ युवक इलाके में बातचीत कर रहे थे। तभी एक युवक वहां पहुंचा और दूसरे युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। विवाद के दौरान स्थिति उग्र हो गई। इसी दौरान चाकू से हमला किया गया, जिसमें मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मोहित को तत्काल चरक अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कई युवक आपस में झगड़ते दिखाई दे रहे हैं। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में प्रशांत और चीनू सहित कुछ युवकों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। जांच जारी है।
