Homeमध्यप्रदेशउज्जैन में बनाया MBBS छात्रा का डीपफेक VIDEO:रिश्तेदार ने पिता को नीचा...

उज्जैन में बनाया MBBS छात्रा का डीपफेक VIDEO:रिश्तेदार ने पिता को नीचा दिखाने रची साजिश; भोपाल में प्रेमिका ने वायरल कर दीं मां-बहन की तस्वीरें

मध्य प्रदेश में डीप फेक वीडियो बनाकर रिश्तेदार और प्रेमी को बदनाम करने के दो मामले सामने आए हैं। पहला केस उज्जैन का है। यहां एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार की बेटी का एडिटेड वीडियो बनाकर सिर्फ इसलिए वायरल कर दिया कि वह MBBS की पढ़ाई कर रही थी। वह उसके पिता को नीचा दिखाना चाहता था। इसके लिए उसने फोटो का इस्तेमाल कर अश्लील वीडियो तैयार किया। इसके बाद उसने अपने साथियों की मदद से उसे गांव के ही व्हाट्सऐप ग्रुप में वायरल कर दिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों को छात्रा का फोटो एक महिला BLO ने उपलब्ध कराया था। पुलिस ने 23 जून को 5 आरोपियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें महिला BLO को जमानत मिल चुकी है, जबकि एक की तलाश जारी है। दूसरा मामला, भोपाल का है। यहां करोंद इलाके में एक युवक को अपनी प्रेमिका से शादी से इनकार करना महंगा पड़ गया। प्रेमिका ने युवक की मां और 18 वर्षीय बहन की AI से अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पीड़ित परिवार ने पुलिस, कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर को आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने और आरोपी युवती पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सबसे पहले बात उज्जैन के केस की… पिता बोले- बेटी के वीडियो वायरल हो रहे उज्जैन के पास एक गांव में रहने वाली छात्रा के पिता ने 21 जून को पंवासा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी डॉक्टरी की पढ़ाई कर रही है और उसकी डिग्री जल्द पूरी होने वाली है। सोशल मीडिया पर उसकी फोटो और अश्लील वीडियो वायरल किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो से उनकी बेटी का कोई लेना-देना नहीं है। पंवासा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में जिन-जिन लोगों के मोबाइल पर वीडियो और फोटो पहुंचे थे, उनसे पूछताछ की। दो दिन की पड़ताल में पुलिस व्हाट्सऐप पर सबसे पहले वीडियो साझा करने वाले मुजफ्फर पटेल तक पहुंच गई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एहसान ने किसी अज्ञात युवती के अश्लील वीडियो के साथ पीड़िता का फोटो जोड़कर फर्जी वीडियो तैयार कर लिया था। इसके बाद उसे नायता समाज के ग्रुप में एहसान पटेल, , मुजफ्फर, आबिद और यूसुफ पटेल ने वायरल कर दिया। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि छात्रा का फोटो उन्हें महिला BLO फखरुनिशा ने उपलब्ध कराया था। MBBS करने से रिश्तेदार को थी जलन
पंवासा थाने के थाना प्रभारी गमर सिंह मंडलोई ने बताया कि पिता की प्रतिष्ठा खराब करने के लिए आरोपी एहसान ने छात्रा को निशाना बनाया। उसने उसकी फोटो को एक अश्लील वीडियो के साथ जोड़कर वायरल करने की साजिश रची। छात्रा को बदनाम करने की साजिश में अड़चन यह थी कि वह किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्टिव नहीं थी। उसका फोटो मिलना भी आसान नहीं था। इस बीच एहसान को पता चला कि छात्रा ने नवंबर 2025 में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का फॉर्म भरा था। फॉर्म भरते समय उसने BLO (बूथ लेवल अधिकारी) को अपना फोटो उपलब्ध कराया था। इसके बाद एहसान ने BLO फखरुनिशा से छात्रा का फोटो हासिल किया। मुजफ्फर पटेल ने उस फोटो को एडिट कर अश्लील वीडियो में दिखाई दे रही युवती के चेहरे पर जोड़ दिया। इसके बाद यूसुफ पटेल और आबिद पटेल ने मिलकर इस फोटो और वीडियो को गांव के समाज के व्हाट्सऐप ग्रुप में वायरल कर दिया। SIR के लिए छात्रा ने BLO को दिया था फोटो जांच में सामने आया कि संबंधित BLO ने सरकारी कार्य के लिए जमा किए गए SIR फॉर्म से छात्रा का फोटो निकालकर अन्य आरोपियों के साथ साझा किया था। इसके बाद मुख्य आरोपियों ने तकनीकी माध्यम से फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और मूल दस्तावेज बरामद किए गए हैं। एएसआई संतोष राव ने बताया कि आरोपियों का मुख्य उद्देश्य चुनावी रंजिश के चलते संबंधित परिवार की छवि खराब करना था। छात्रा का फोटो और वीडियो करीब एक माह से वायरल हो रहा था। पुलिस जांच में पता चला कि फोटो आबिद और यूसुफ ने वायरल किए थे। उनसे पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि गांव के एहसान पटेल ने फोटो वायरल करवाए थे। इसके बाद जांच की परतें खुलती चली गईं। अब जानिए भोपाल में क्या-कुछ हुआ… प्रेमिका ने AI से जनरेट की अश्लील फोटो
भोपाल के करोंद इलाके में एक युवक की मां ने बेटे की प्रेमिका के खिलाफ 23 जून को पुलिस, कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर को आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि मेरे 24 वर्षीय बेटे का एक लड़की से संबंध था। हालांकि, हमें इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि बेटे को लड़की का रहन-सहन पसंद नहीं आया तो उसने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद बदला लेने के लिए उस लड़की ने मेरी और बेटी की अश्लील फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी से पोस्ट कर दीं। फोटो के नीचे आपत्तिजनक बातें भी लिखी गईं। मेरी बेटी की उम्र 18 वर्ष है। वह पढ़ाई कर रही है। सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने के बाद वह गहरे मानसिक तनाव में है। पिछले कुछ दिनों से उसने ठीक से खाना तक नहीं खाया है। पूरा परिवार सदमे में है और समाज में बदनामी का सामना कर रहा है। पुलिस और कलेक्टर को दिया आवेदन
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने पहले छोला थाना में शिकायत की थी। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस कमिश्नर, कलेक्टर और अन्य अधिकारियों को आवेदन सौंपकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। आरोपी युवती लगातार सोशल मीडिया के जरिए परिवार को बदनाम कर रही है। खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उसे सजा दिलाई जाए।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here