ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी तरह के सीजफायर से इनकार किया है। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर कालीबाफ ने कहा कि मौजूदा समय में सीजफायर तभी संभव है, जब नाकाबंदी हटाई जाए। ईरान और अमेरिका के बीच 22 अप्रैल को सीजफायर खत्म हो गया था। ट्रम्प ने इसके खत्म होने से पहले ही इसे एकतरफा तरीके से आगे बढ़ा दिया था। वहीं, ट्रम्प ने कहा कि ईरान के साथ शांति वार्ता के दूसरे दौर को लेकर शुक्रवार तक अच्छी खबर आ सकती है। न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प ने एक संदेश में यह बात कही। पाकिस्तानी अधिकारियों ने भी संकेत दिया है कि ईरान के साथ अगले 36 से 72 घंटों के भीतर नई बातचीत शुरू हो सकती है। हालांकि, ईरान का कहना है कि उसने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह अमेरिका के साथ नए दौर की वार्ता में शामिल होगा या नहीं। वहीं, राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने बुधवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरान बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन उसके विरोधी धमकियों और आक्रामक कदमों के जरिए बातचीत को कमजोर कर रहे हैं। पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स तेल पर छूट बढ़ी: अमेरिका ने रूसी तेल की खरीद पर लगी पाबंदियों में दी गई छूट को 30 दिन के लिए बढ़ा दिया है। यह फैसला करीब 10 देशों की मांग पर लिया गया है, जो तेल की कमी का सामना कर सकते हैं। ट्रम्प का एकतरफा सीजफायर: अमेरिका ने पाकिस्तान की अपील पर ईरान के साथ चल रहे युद्धविराम (सीजफायर) को आगे बढ़ाया गया। ट्रम्प ने कहा कि ईरान में इस समय नेतृत्व और सरकार में एकजुटता नहीं है। ईरान का सीजफायर से इनकार: ईरान ने किसी भी तरह के सीजफायर से इनकार किया है। मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाकर कालीबाफ ने कहा कि सीजफायर तभी संभव है जब नाकाबंदी हटाई जाए। होर्मुज में जहाज जब्त: ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने होर्मुज स्ट्रेट में दो जहाजों को जब्त कर लिया और कहा कि इस रास्ते की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। इससे पहले इन पर गोलीबारी भी की गई। 20 हजार उड़ानें रद्द: यूरोप की सबसे बड़ी एयरलाइन लुफ्थांसा ने ईरान युद्ध के बाद बढ़ी ईंधन कीमतों के चलते 20 हजार उड़ानें रद्द करने का फैसला किया है।
