इंदौर के एमजी रोड इलाके में एक बैंक अधिकारी की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमारी से परेशान थीं और इसी वजह से डिप्रेशन में थीं। पुलिस ने रात में लोगों की मदद से शव को बिल्डिंग से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एमजी रोड टीआई विजय सिसौदिया के मुताबिक, भंडारी ब्रिज के पास रूबल रेबो रेसीडेंसी है। यहां मंगलवार रात सुप्रिया (45) पति सुधीर श्रीवास्तव ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय उनके पति किसी काम से बिल्डिंग से बाहर गए थे। इसी दौरान उन्होंने यह कदम उठा लिया। रात करीब 10 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो सुसाइड नोट मिला। इसमें सुप्रिया ने लंबे समय से शारीरिक दुर्बलता से परेशान होने और इसके चलते डिप्रेशन में जाने का जिक्र किया है। साथ ही इसी कारण से आत्महत्या करने की बात लिखी है। सुप्रिया अपने पति के साथ बिल्डिंग की 12वीं मंजिल पर रहती थीं। पुलिस के मुताबिक, सुप्रिया के पति सुधीर बैंक में पदस्थ हैं। परिवार में एक बेटी है, जो वनस्थली में पढ़ाई कर रही है। घटना की जानकारी बेटी को भी दे दी गई है। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। पेड़ से लटका मिला शव इंदौर के लसूड़िया इलाके में भी एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला। घटना सेटेलाइट जंक्शन के पास की है। पुलिस को बुधवार रात करीब 12 बजे खाली मैदान के पास पेड़ पर एक व्यक्ति का शव लटका होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। मृतक की पहचान दयाराम कटारिया के रूप में हुई है। वह नजदीक की कॉलोनी में रहता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
