इंदौर की एक दंपति ने अपने फ्लैट का सौदा 47 लाख रुपए में किया था। जबकि पहले से महिला के पति ने फ्लैट को बैंक में गिरवी रखकर लोन ले रखा था। बाद में दंपति ने फ्लैट बेचने से इनकार कर दिया और पीड़ित महिला को धमकाया। इस मामले में अधिकारियों को शिकायत की गई थी। जांच के बाद पुलिस ने दंपति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अन्नपूर्णा पुलिस ने बताया कि सुनिता पाल की शिकायत पर संगीता मोटवानी और उसके पति कमल मोटवानी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। सुनिता ने संगीता से धनवंतरी निवास सिल्वर पैलेस कॉलोनी में स्थित फ्लैट 47 लाख रुपए में खरीदने का सौदा किया था। इसके एवज में पहले 1 लाख रुपए बयाने के रूप में दिए गए। 6 जून 2025 को सेल एग्रीमेंट बनने के बाद 5 लाख रुपए का एक चेक भी दिया गया, जिसे दंपति ने नकद करा लिया। इसके बाद संगीता ने फ्लैट के सभी टैक्स जमा करने की बात कही, जिसमें हाउस टैक्स, वाटर टैक्स और अन्य टैक्स शामिल थे। इस पर संगीता ने सुनिता से कहा कि वह यह भुगतान अपने पास से कर दे और बाद में कुल भुगतान में से राशि काट ले। इसके बाद बैंक के चेक से तीनों टैक्स का भुगतान भी कर दिया गया और उनकी रसीदें सुनिता ने अपने पास रख लीं। इसके बाद तय समय पर रुपए की व्यवस्था करने के बाद सुनिता ने रजिस्ट्री और ड्राफ्टिंग की तैयारी करने को कहा। तब संगीता ने बताया कि उसके पति कमल ने एयू बैंक से फ्लैट पर लोन लिया हुआ है, जिसकी किश्त करीब 30 हजार रुपए प्रतिमाह आती है। हालांकि सेल एग्रीमेंट में इस बात का कोई उल्लेख नहीं किया गया था। इस पर संगीता पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया। बाद में उन्होंने कहा कि बैंक में जितना लोन बकाया है, उसे चुकाने और एनओसी मिलने के बाद ही रजिस्ट्री की जाएगी। बैंक से जानकारी मिली कि फ्लैट पर करीब 23 लाख रुपए का लोन बकाया है। 26 जुलाई को जब दो चेक बनाकर दिए गए, तब संगीता ने कहा कि अब वह रजिस्ट्री नहीं कर पाएगी। इसके बाद आरोप है कि उन्होंने समाज के कुछ लोगों को बुलाकर धमकाया और कहा कि सिंधियों के बीच मकान खरीदकर नहीं रह सकते। इसके बाद पीड़िता को डराया-धमकाया गया और कहा कि बाकी का भुगतान वापस लेकर चले जाओ। सुनिता ने कहा कि इससे उसे काफी नुकसान होगा। आरोप है कि इसके बाद दंपति ने भुगतान लेने की बात से भी इनकार कर दिया। बाद में सुनिता ने डीसीपी को लिखित शिकायत दी। जांच के बाद पुलिस ने दंपति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।
