“कुछ यंगस्टर्स ने एक दिन मुझसे कहा- चाचा, आप ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का फॉर्म भरिए। आप मजाक-मस्ती करते हैं, आप सिलेक्ट हो जाएंगे।” ये बात कहते हैं जबलपुर के बलराम विश्वकर्मा, जिन्हें सोशल मीडिया पर ‘रॉकिंग गोली’ के नाम से पहचान मिली है। लेडीज गेटअप में मजाकिया वीडियो बनाने वाले बलराम कभी अपनी पत्नी को खुश रखने और खुद को व्यस्त रखने के लिए वीडियो बनाते थे। 20 जून को प्रसारित हुए ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के पहले एपिसोड में उनकी परफॉर्मेंस के बाद उनकी जिंदगी बदल गई। जबलपुर पर बनाए उनके गाने ने शो के मंच पर उन्हें पहचान दिलाई। समय रैना, आलिया भट्ट और आशीष सोलंकी भी उनके साथ डांस करने लगे। इसके बाद परफॉर्मेंस की क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई और अब उन्हें देशभर से शो और इवेंट्स के ऑफर मिल रहे हैं। पत्नी ही कैमरापर्सन, डायरेक्टर और पूरी टीम बलराम बताते हैं कि वीडियो बनाने की शुरुआत किसी शोहरत या कमाई के लिए नहीं हुई थी। लॉकडाउन के समय उन्होंने वीडियो बनाना शुरू किया। उनकी पत्नी ही उनकी कैमरापर्सन, डायरेक्टर और पूरी टीम हैं। वीडियो के लिए तैयार करने, मेकअप करने से लेकर शूटिंग तक का काम उनकी पत्नी ही करती हैं। शादी के 17 साल बाद भी जब उनके बच्चे नहीं हुए, तो दोनों ने खुद को व्यस्त रखने और अकेलेपन को दूर करने के लिए वीडियो बनाने का रास्ता चुना। बलराम कहते हैं कि पत्नी को खुश और तनावमुक्त रखना ही वीडियो बनाने की शुरुआत की सबसे बड़ी वजह थी। टपरी पर मिला ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का आइडिया बलराम ट्रांसपोर्ट नगर, चंडाल भाटा की एक चाय की टपरी पर अक्सर बैठते थे। वहां वे दोस्तों और आसपास के लोगों के साथ मजाक-मस्ती करते थे। उनके इसी अंदाज को देखकर वहां आने वाले यंगस्टर्स ने उन्हें शो में जाने के लिए कहा। बलराम ने उनकी बात मानी और ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का फॉर्म भर दिया। उनके करीबी दोस्त अजय ने भी उन्हें शो में जाने के लिए प्रोत्साहित किया। फॉर्म भरने के बाद बलराम का शो के लिए चयन हो गया। चाय की टपरी के माहौल पर बनाया गाना शो में परफॉर्मेंस के लिए बलराम ने जबलपुर और चाय की टपरी के आसपास के माहौल को ध्यान में रखकर एक खास गाना तैयार किया। इसमें जबलपुर शहर का खुलकर जिक्र था। यह गाना उनके दोस्त अजय ने लिखा और गाया। मुंबई के म्यूजिशियन उत्कर्ष ने इसका म्यूजिक तैयार किया। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के मंच पर जब यह गाना बजा तो समय रैना, आलिया भट्ट और आशीष सोलंकी भी बलराम के साथ डांस करने लगे। परफॉर्मेंस की यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। इसके बाद ‘रॉकिंग गोली’ की पहचान जबलपुर से निकलकर देशभर में बन गई। TIKTOK पर एक लाख फॉलोअर्स, फिर इंस्टाग्राम पर आए बलराम ने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाना टिकटॉक से शुरू किया था। वे लेडीज गेटअप में वीडियो बनाते थे। उनका किरदार ‘द कपिल शर्मा शो’ के मशहूर पात्र ‘गुत्थी’ से प्रेरित था। उनका यह अंदाज लोगों को पसंद आया और टिकटॉक पर उनके एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए। 2020 में लॉकडाउन के दौरान भारत में टिकटॉक बंद होने के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाना शुरू किया। उस समय उनके करीब 10 हजार फॉलोअर्स थे। बाद में किसी कारण से उनकी इंस्टाग्राम आईडी बैन हो गई। उन्होंने दोबारा अकाउंट बनाया और वीडियो बनाना जारी रखा। अब वे यूट्यूब पर भी एक्टिव हैं। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उनकी पहचान ‘रॉकिंगगोली’ के नाम से है। लोगों ने उल्टे-सीधे शब्द कहे, परिवार भी खिलाफ था बलराम बताते हैं कि लेडीज गेटअप में वीडियो बनाने को लेकर लोगों ने उन्हें काफी कुछ कहा। कई बार उल्टे-सीधे शब्द भी सुनने पड़े, लेकिन उन्होंने किसी की बात पर ध्यान नहीं दिया और वीडियो बनाना जारी रखा। शुरुआत में परिवार भी उनके इस काम के पक्ष में नहीं था। बलराम के मुताबिक, परिवार में कोई नहीं चाहता था कि वे लेडीज गेटअप में वीडियो बनाएं। अब परिवार उनका पूरा सपोर्ट करता है। उन्होंने कहा, “अब सब तारीफ करते हैं।” 11 भाई-बहनों में सबसे छोटे, भाई ने पढ़ाया-लिखाया बलराम मध्य प्रदेश के सागर जिले के बमोरी गांव के रहने वाले हैं। वे 11 भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। आठवीं तक की पढ़ाई उन्होंने बमोरी में की। इसके बाद नौवीं से पढ़ाई जबलपुर में की। उन्होंने जीएस कॉलेज से बीकॉम और एमकॉम की डिग्री हासिल की। राजीव गांधी कॉलेज से सेकंड ईयर तक लॉ की पढ़ाई भी की। बलराम बताते हैं कि उनके भाई ने उन्हें पढ़ाया-लिखाया। परिवार की इच्छा थी कि वे पुलिस में भर्ती हों, लेकिन कुछ कारणों से वे पुलिस में नहीं जा सके। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने सेल्स फील्ड में काम शुरू किया। पिछले 17 साल से वे इसी क्षेत्र में नौकरी कर रहे हैं। इस दौरान वे 11 अलग-अलग कंपनियों में काम कर चुके हैं। पहली कमाई से खरीदी रॉयल एनफील्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बलराम की कमाई शुरू हुई। उन्होंने पहली कमाई से रॉयल एनफील्ड बाइक खरीदी। वर्ष 2019 से जबलपुर में किराए के मकान में रह रहे बलराम अब अपने परिवार के लिए खुद का घर बनाने की तैयारी कर रहे हैं। अब फिल्मों और बड़े शो के ऑफर ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में परफॉर्मेंस वायरल होने के बाद बलराम को लगातार बड़े इवेंट्स के ऑफर मिल रहे हैं। फिलहाल वे मशहूर डीजे चेतस के साथ ‘ऑल इंडिया टूर’ पर हैं। उन्हें साउथ की हॉरर फिल्म ‘कांचना’ में रोल मिलने की संभावना है। भविष्य में वे ‘द कपिल शर्मा शो’ का हिस्सा भी बन सकते हैं। 18 अगस्त को उनकी दिग्गज रेसलर द ग्रेट खली से मुलाकात होने वाली है। इसके अलावा बिग बॉस के अपकमिंग सीजन में भी उनकी एंट्री की संभावना है।
