मेडिकल में प्रवेश के लिए देश की सबसे बड़ी री परीक्षा NEET-UG आज 21 जून को आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और जिला प्रशासन ने सख्त गाइडलाइन लागू कर दी हैं। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल, ब्लूटूथ, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच जैसे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रदेशभर के परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को मॉक ड्रिल कर व्यवस्थाओं को परखा गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और गोपनीयता के साथ कराई जाए। राजधानी में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटे पहले दिल्ली से यह तय किया जाएगा कि किस स्ट्रांग रूम से किस परीक्षा केंद्र के लिए प्रश्नपत्र जारी होंगे। प्रश्नपत्र एयरफोर्स के विशेष विमान से भोपाल पहुंच चुके हैं और उन्हें सीआरपीएफ सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। भोपाल के 32 परीक्षा केंद्रों पर 13,774 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। पिछले वर्ष पेपर लीक विवाद के बाद इस बार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) और जिला प्रशासन ने बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। शनिवार को सभी परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल कर सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई। परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। जिन अधिकारियों का तबादला हो चुका है, उनकी रिलीविंग भी परीक्षा पूरी होने तक रोक दी गई है। धार्मिक या पारंपरिक पोशाक में आने वाले पहले पहुंचें एनटीए ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। विशेष रूप से पारंपरिक या धार्मिक पोशाक पहनकर आने वाले छात्रों को अतिरिक्त जांच प्रक्रिया के कारण पहले पहुंचने को कहा गया है। जीपीएस ट्रैकिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और सीसीटीवी निगरानी री-नीट परीक्षा के लिए एनटीए ने विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया है। परीक्षा सामग्री ले जाने वाले वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग होगी और सीआरपीएफ एस्कॉर्ट रहेगा। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन, अतिरिक्त बायोमेट्रिक मशीनें और अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है। परीक्षार्थियों को केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति होगी। रेलवे स्टेशनों पर हेल्प बूथ री-नीट देने आने वाले छात्रों की सुविधा के लिए भोपाल, विदिशा, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), गुना और अशोकनगर रेलवे स्टेशनों पर विशेष हेल्प बूथ बनाए गए हैं। यहां छात्रों को परीक्षा केंद्रों के पते, वहां तक पहुंचने के मार्ग, ऑटो-बस जैसी परिवहन सुविधाओं और अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी। मेडिकल छात्रों की छुट्टियां कैंसिल नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने सभी मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों को 20 और 21 जून को छात्रों को छुट्टियां कैंसिल कर दी है। एनटीए ने री-नीट के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। री-नीट में भोपाल से कम हुए 560 अभ्यर्थी मेडिकल में प्रवेश के लिए 21 जून को होने वाली री-नीट में इस बार भोपाल में 560 परीथार्थी कम हो गए हैं। पिछली बार 14 हजार 334 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी, जबकि इस बार यह संख्या घटकर 13 हजार 774 रह गई है। परीक्षा केंद्रों की संख्या भी 33 से घटकर 32 रह गई है। एक केंद्र पर उसी दिन यूपीएससी की परीक्षा होने के कारण केंद्रों की संख्या कम की गई है। नीट में शामिल हो रहे स्टूडेंट्स के लिए रेलवे ने एक स्पेशल ट्रेन भी चलाई थी। यह ट्रेन शनिवार रात भोपाल स्टेशन पहुंची। ट्रेन ज्यादातर खाली रही। इक्का-दुक्का स्टूडेंट्स ही इसमें बैठे मिले। समय से पहले पहुंचें अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से रिपोर्टिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और फ्रिस्किंग शुरू होगी, जो दोपहर 1:30 बजे तक चलेगी। इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को 65 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। ये रहेगा ड्रेस कोड परीक्षा देने वाले बच्चों को ड्रेस कोड का भी पालन करना होगा। हल्के रंग के साधारण वस्त्र पहनने और मोटे कपड़ों, बड़े बटन, अधिक जेबों वाले परिधानों, आभूषणों, घड़ियों, बेल्ट एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं से परहेज करने की सलाह दी गई है। भोपाल-इंदौर में सबसे ज्यादा परीक्षार्थी भोपाल में 13 हजार 774 स्टूडेंट्स परीक्षा देंगे। इंदौर में संख्या 14 हजार से अधिक है। ग्वालियर में 5 हजार, जबलपुर में 10 हजार, छिंदवाड़ा 4303, गुना में 1839, विदिशा में 1709, नर्मदापुरम में 1283 और अशोकनगर में 865 परीक्षार्थियों के आने की संभावना है। जबलपुर: पहली बार परीक्षार्थियों के लिए बस सेवा जबलपुर में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पहली बार छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए बसों की सुविधा दी जा रही है। अभिभावकों के लिए शेड, बैठने की व्यवस्था, कूलर, पंखे और अस्थायी कैंटीन भी बनाई जा रही है। ग्वालियर: 25 सेंटरों पर 5 हजार स्टूडेंट ग्वालियर जिले में में 25 सेंटर पर करीब 5 हजार स्टूडेंट शामिल होंगे। कलेक्टर रुचिका चौहान और एसएसपी धर्मवीर सिंह ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। कलेक्टर ने बताया कि पेपर का मूमेंट बहुत प्रोटेक्टिव तरीके से होगा। एडमिट कार्ड में सभी का टाइम लिखा है। अटेंडेंस बॉयोमेट्रिक तरीके से लगाई जाएगी। इंदौर: पुलिस अधीक्षक ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण एसपी (ग्रामीण) राजेन्द्र कुमार वर्मा ने सांवेर क्षेत्र के नीट परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा, सीसीटीवी, प्रवेश-निकास और चेकिंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा की पारदर्शिता, गोपनीयता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा सभी कर्मचारी सतर्कता से दायित्व निभाएं। पुलिस प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष आयोजन के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है। वहीं इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर 21 जून को होने वाली NEET-UG परीक्षा के लिए सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की है। स्टूडेंट्स में नाराजगी भी परीक्षा से पहले कई छात्रों ने सिस्टम पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि केवल सख्ती बढ़ाने के बजाय पारदर्शिता और सुधार पर ध्यान दिया जाना चाहिए। प्रशासन ने छात्रों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से पहले ही अपने केंद्र का स्थान देख लें, ताकि समय पर पहुंचने में कोई परेशानी न हो। ट्रैफिक एडवायजरी : परीक्षार्थियों के लिए जरूरी सूचना बालाघाट में पहुंचाए गए थे हेलिकॉप्टर से पेपर नीट पेपर लीक को लेकर गंभीरता बरतने के लिए बालाघाट जैसे संवेदनशील इलाकों में चार दिन पहले वायुसेना के विशेष हेलिकॉप्टर से पेपर बुलाए गए थे। केंद्र ने सीधे सेना की मदद लेते हुए हेलिकॉप्टर का सहारा लिया है। ये खबर भी पढ़ें… री-नीट 2026 के नाम पर साइबर ठगी का जाल पुलिस कमिश्नरेट भोपाल के साइबर क्राइम विंग ने NEET UG 2026 को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच बड़ा अलर्ट जारी किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि री-नीट (Re-NEET) के नाम पर सोशल मीडिया, टेलीग्राम और व्हाट्सएप पर सक्रिय साइबर ठग छात्रों और अभिभावकों को निशाना बना रहे हैं।पढ़ें पूरी खबर
