Homeमध्यप्रदेशआंगनबाड़ी से ढाई साल की बच्ची का अपहरण:पड़ोसन ने सहायिका संग मिलकर...

आंगनबाड़ी से ढाई साल की बच्ची का अपहरण:पड़ोसन ने सहायिका संग मिलकर बोरी में डाला, भाभी को सौंपा; 8 घंटे में ढूंढ लाई पुलिस

रीवा में आंगनबाड़ी सहायिका और उसकी सहेली ने ढाई साल की बच्ची का अपहरण कर लिया। उसे बेहोश करने के बाद बोरी में भरकर सहेली की रिश्तेदार को सौंप दिया। जो उसे अपने मायके ले गई। इधर, दोनों आरोपी बच्ची के परिजन के साथ मिलकर उसे तलाशने का नाटक करती रहीं। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो बच्ची भाई के साथ आंगनबाड़ी जाती दिखी। परिजन आंगनबाड़ी पहुंचे तो सहायिका ने बच्ची के घर लौट जाने की बात कही। पुलिस की सख्ती के बाद वह टूट गई और वारदात का खुलासा कर दिया। मामला समान थाना इलाके में बुधवार का है। पुलिस ने महज 8 घंटे में वारदात को सुलझाकर 3 महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। परिजन बोले- आंगनबाड़ी से घर नहीं लौटी सीएसपी राजीव पाठक ने कहा- 23 सितंबर की रात करीब 8.30 बजे बच्ची के परिजन ने समान थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि आंगनबाड़ी जाने के बाद से बच्ची लापता है। जांच में सामने आया कि आंगनबाड़ी केंद्र एक मकान के दो कमरों में चलता है। इसी मकान के बगल वाले एक कमरे में रीनू वर्मा उर्फ गोल्डी वर्मा किराए से रहती है। आसपास रहने के कारण उसकी आंगनबाड़ी सहायिका रिया वर्मा से दोस्ती है। आंगनबाड़ी सहायिका बोली- घर लौट गई बच्ची सीएसपी पाठक ने कहा- बच्ची की तलाश में पुलिस ने 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इनमें से एक में बच्ची अपने भाई के साथ आंगनबाड़ी केंद्र जाती दिखाई दी, लेकिन वहां से वापस लौटते हुए नजर नहीं आई। इसके बाद पुलिस का शक आंगनबाड़ी केंद्र की तरफ गया। आंगनबाड़ी सहायिका रिया वर्मा से पुलिस ने पूछा तो उसने कहा कि बच्ची भाई के घर लौटने के कुछ समय बाद ही वहां से निकल गई थी। पुलिस को यह बात नहीं पची कि आंगनबाड़ी सहायिका ने ढाई साल की बच्ची को अकेले घर जाने दिया। सहेली के साथ मिलकर किया था अपहरण पुलिस ने रिया वर्मा से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गई। उसने बताया कि रीनू के कोई संतान नहीं है। वह इसे लेकर परेशान रहती थी। उसने रिया से इसका जिक्र किया। इसके बाद दोनों ने मिलकर बच्ची के अपहरण की योजना बनाई थी। रिया ने आंगनबाड़ी में आई बच्ची को रीनू वर्मा को सौंप दिया। इसके बाद रीनू ने बच्ची को बेहोश कर बोरी में बंद कर लिया। फिर बोरी लेकर मोहनिया के पास रहने वाली अपनी भाभी केशकली कोल को सौंप दिया। बच्ची को सीधी लेकर चली गई केशकली रीनू ने केशकली से कहा कि अभी बच्ची को छिपाकर रखो, बाद में वह उसे ले जाएगी। इसके बाद केशकली बच्ची को अपने मायके सीधी जिले के धनहा ले गई। बच्ची के सीधी में होने की जानकारी मिलते ही पुलिस की एक टीम आधी रात को ही वहां पहुंच गई। यहां केशकली के मकान से बच्ची को दस्तयाब कर लिया। मामले में रिया वर्मा (20), रीनू वर्मा, केशकली (37) और उसके पति रविशंकर मालवीय (40) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। ये खबर भी पढ़ें… मेडिकल स्टोर से युवक की किडनैपिंग, VIDEO मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में मेडिकल स्टोर से दिनदहाड़े एक युवक का अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने उसे बीच सड़क पर घेरकर हाथ-पैर पकड़ते हुए जबरन कार में डाल लिया। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here