नगर से करीब 25 किलोमीटर दूर ग्राम गवालू के पास रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में 8वीं कक्षा के एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। दोनों दोस्त रविवार की छुट्टी पर घूमने निकले थे। जानकारी के अनुसार, गवालू नाका निवासी अमन (17 वर्षीय, पिता नानू उर्फ कुंवर सिंह) और वीरू (पिता संजू) रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे बाइक से जंगल की ओर घूमने गए थे। लौटते समय ग्वालू श्मशान घाट सुरतीपुरा रोड पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से संतुलन बिगड़ने के कारण दोनों बाइक सहित सड़क पर गिर गए। वाहन चालक फरार ग्रामीणों ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। घटना स्थल का रास्ता सूना होने के कारण हादसे के बाद करीब एक घंटे तक दोनों घायल धूप में सड़क पर पड़े रहे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने उन्हें देखा। राहगीर ने दोनों को पहचानकर तत्काल गवालू गांव में घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही घायलों के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। राहगीर और ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल बलवाड़ा के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही अमन की मौत हो चुकी थी, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वीरू की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया। मृतक अमन कक्षा आठवीं का छात्र था। उसके पिता पेशे से ड्राइवर हैं। घटना के बाद अमन के शव को बड़वाह सिविल अस्पताल लाया गया। सूचना मिलने पर बड़वाह पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
