Homeमध्यप्रदेशMP में लॉरेंस गैंग का डर:अशोकनगर से लेकर इंदौर-भोपाल के कारोबारियों को...

MP में लॉरेंस गैंग का डर:अशोकनगर से लेकर इंदौर-भोपाल के कारोबारियों को धमकी, इंदौर क्राइम ब्रांच कराएगी वॉइस सैंप्लिंग

सेलिब्रिटी के बाद अब एमपी में कारोबारियों-व्यापारियों को लॉरेंस गैंग के गुर्गों की धमकियां मिल रही हैं। अशोकनगर से लेकर ब्यावरा, इंदौर, भोपाल के कारोबारी-व्यापारी इनकी लिस्ट में है। करीब एक महीने पहले अशोकनगर के एक बिल्डर व कारोबारी को धमकी दी थी। वहीं शनिवार को भोपाल के कारोबारी को भी धमकी दी है। बता दें कि एमपी के कारोबारियों को लॉरेंस गैंग से धमकी का यह एक महीने के भीतर यह चौथा मामला है। लगातार मिल रही इन धमकियों से जहां कारोबारी व व्यापारियों में डर का माहौल है। वहीं पुलिस भी हैरत में पड़ गई है। इंदौर में जिस रियल एस्टेट कारोबारी को धमकी मिली वह भी घबराए हुए हैं। धमकी मिलने के बाद इंदौर क्राइम ब्रांच ने मामले में अपनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी घटनाओं का पैटर्न समझ रही
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि इंदौर के जिस रियल एस्टेट कारोबारी को धमकी मिली है। उसमें क्राइम ब्रांच जांच कर रही है। जिस नंबर से कारोबारी को कॉल आया था उसकी जानकारी निकाल रहे हैं। अगर VPN (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) से आया तो इसका भी पता लगाया जाएगा कि कहां से ये आया है। वाइस की सैंप्लिंग कराई जाएगी। ये भी पता किया जाएगा कि सही में हरि बॉक्सर की आवाज है या नहीं। इसके साथ ही जिन-जिन जगह पर लोगों को धमकाया गया है वहां से भी जानकारी बुलवाई जा रही है, वहां किस तरह की मॉडस ऑपरेंडी रही है। इधर, देखा जाए तो कुछ जगह पर धमकाने का पैटर्न एक जैसा ही नजर आ रहा है। आपको बताते हैं कि कब किसे मिली धमकी… अशोकनगर: अंकित अग्रवाल से मांगे 10 करोड़ रुपए करीब एक महीने पहले अशोकनगर के बिल्डर व कारोबारी अंकित अग्रवाल को लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी मिली। अंकित से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई। धमकाने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंग का सदस्य “हरि बॉक्सर” बताया। व्हाट्सऐप वॉयस नोट के जरिए उसने कहा कि हमने एक बार जिसे फोन कर दिया उसे बगैर पैसे लिए नहीं छोड़ा। उसे मारा है या पैसे लिए हैं। तेरी हर एक डिटेल मेरे पास है। कोई गलतफहमी मत पालना। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस और सायबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तीन अंतरराष्ट्रीय नंबरों से आए कॉल
कारोबारी अंकित अग्रवाल के मुताबिक 11 फरवरी को उन्हें तीन अलग-अलग इंटरनेशनल नंबरों से व्हाट्सऐप कॉल और मैसेज मिले। फोन नहीं उठाने पर वॉयस नोट भेजे गए। कॉल करने वाला लगातार संपर्क करने की कोशिश कर रहा था। कॉलर ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताते हुए अपना नाम ‘हरि बॉक्सर’ बताया। उसने कहा कि गूगल पर नाम सर्च कर लो, सब पता चल जाएगा। धमकी देने वाले ने सीधे 10 करोड़ रुपए देने की मांग रखी। उसने कहा कि यह रकम दो दिन के अंदर पहुंच जानी चाहिए। कारोबारी को 2 मिनट का वाइस नोट भेजकर धमकी दी थी। ब्यावरा: आपत्तिजनक बातें भी लिखीं ब्यावरा शहर में चार दिन पहले मंगलवार को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से एक धमकी भरी चिट्ठी मिली। यह चिट्ठी अहिंसा द्वार के पास स्थित बीड़ी नंबर-2 कारखाने के गेट पर मिली, जिसमें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री समेत कई बड़े अधिकारियों के लिए आपत्तिजनक बातें लिखी हुई थी। मंगलवार सुबह बीड़ी कारखाने के मैनेजर हेमराज मेहर काम पर पहुंचे, तो उन्हें दरवाजे के पास तीन पन्नों की एक फोल्ड की हुई चिट्ठी मिली। इसे खोलने पर इसमें प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री मोहन यादव, कलेक्टर और एसपी के नाम के साथ भद्दे शब्द लिखे हुए थे। इसके अलावा ‘लाडली बहना योजना’ को लेकर भी गलत बातें लिखी गई थीं। दुकान संचालक और गैंग का नाम आने से दहशत चिट्ठी में कारखाने के साथ-साथ पास ही दुकान चलाने वाले बंटी पालीवाल का नाम भी लिखा था। गैंग का नाम और जान-पहचान वालों के नाम सामने आने से इलाके के लोगों में डर का माहौल बन गया था। इंदौर: कारोबारी संजय जैन को मिली धमकी इंदौर के साउथ तुकोगंज इलाके में रहने वाले रियल एस्टेट कारोबारी संजय जैन को लॉरेंस के नाम से धमकी मिली। धमकी मिलने पर उन्होंने क्राइम ब्रांच में शिकायत की थी, जिसके बाद तुकोगंज थाने में FIR दर्ज की गई। गुरुवार को संजय को धमकी भरा कॉल आया, जिसे उन्होंने तुरंत डिस्कनेक्ट कर दिया। इसके बाद उनके मोबाइल पर वॉइस मैसेज आया, जिसमें मैसेज करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का साथी व हेरी बॉक्सर बताया और 15 करोड़ रुपए की मांग की। वॉइस मैसेज में कहा गया कि रकम नहीं देने पर हत्या कर दी जाएगी। इंटरनेशनल नंबर से वॉइस कॉल आया संजय ने पुलिस बताया कि 16 मार्च की सुबह करीब साढ़े आठ बजे मुझे एक इंटरनेशनल नंबर से वॉइस कॉल आया। कॉल करने वाले ने पूछा – क्या तू संजय जैन बोल रहा है, तू बिल्डर है ना? मैंने इससे इनकार किया तो उसने कहा – झूठ मत बोल, मुझे सब पता है। उसने अपना नाम हेरी बॉक्सर बताया और कहा कि वह लॉरेंस गैंग का मेंबर है, इंटरनेट पर उसकी जानकारी देख सकता हूं। इसके बाद मैंने फोन काट दिया और उस नंबर को ब्लॉक कर दिया। कुछ मिनट बाद उसी नंबर से वॉइस मैसेज आया और वीडियो कॉल भी किया गया, लेकिन मैंने नहीं उठाया। फिर एक दूसरे नंबर से कॉल आया, जिस पर बाबा महाकाल की डीपी लगी हुई थी। उस नंबर से भी वॉइस कॉल आया। पहले 10 करोड़, फिर 15 करोड़ मांगने लगा इसके बाद उसी नंबर से मुझे एक वॉइस मैसेज मिला, जिसमें कहा गया -“सुन संजय, फोन काटने, भागने या ब्लॉक करने से पीछा नहीं छूटेगा। पहले 10 करोड़ देने थे, अब 15 करोड़ देने होंगे। जितना लेट रिप्लाई करेगा, उतने ज्यादा पैसे देने होंगे। या तो पैसे देगा या जान देगा। तुझे जिसके पास जाना है चला जा, अब कोई नहीं बचा पाएगा।” इसके साथ ही कई ओर भी बातों का जिक्र इसमें था। खरगोन: कारोबारी दिलीप सिंह के घर हुई फायरिंग खरगोन जिले में किसान कारोबारी दिलीप सिंह राठौड़ के घर पर फायरिंग हुई है। बाइक सवार 3 नकाबपोश बदमाशों ने घर के बाहर गोलियां चलाईं। फायरिंग के बाद इंदौर की ओर भाग गए। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के मुताबिक, फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली। गैंग के मेंबर हैरी बॉक्सर और आरजू बिश्नोई ने सोशल मीडिया के माध्यम से फायरिंग की पुष्टि की। कारोबारी के बेटे सत्येंद्र राठौड़ ने शिकायत दर्ज कराई थी। वॉइस नोट के जरिए मांगी फिरौती सत्येंद्र राठौड़ की शिकायत के अनुसार, 16 मार्च को परिवार इंदौर गया हुआ था। उनके पिता को इंटरनेशनल नंबरों से कई कॉल आए। कुछ अज्ञात लोगों से व्हाट्सऐप कॉल और वॉइस नोट के जरिए धमकियां मिलीं। आरोपियों ने 10 करोड़ की फिरौती की मांग की। सबूत के तौर पर घर के बाहर फायरिंग का वीडियो भी भेजा। आरोपियों ने फायरिंग के बाद 17 और 18 मार्च को विदेशी नंबरों से कई कॉल किए, जिन्हें उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसके बाद वॉइस नोट के जरिए आरोपियों ने धमकाया। पैसे नहीं देने पर परिवार समेत घर को बम से उड़ाने की धमकी दी। भोपाल: कारोबारी से 10 करोड़ की रंगदारी मांगी भोपाल के कोलार रोड इलाके में एक कारोबारी को विदेशी नंबरों से कॉल कर 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया। उसने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताते हुए धमकियां दीं। पुलिस के अनुसार पार्वती नगर में रहने वाले रियल एस्टेट और सराफा कारोबारी गौरव जैन ने कोलार रोड थाने में लिखित शिकायत की है। उन्होंने बताया कि 18 मार्च की रात करीब 10:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को “हैरी बॉक्सर” बताते हुए कहा कि वह लॉरेंस गैंग से जुड़ा है और गौरव जैन को 10 करोड़ रुपए तैयार रखने होंगे। साथ ही उसने उन्हें अपने परिचितों से मिल लेने और अपने बारे में इंटरनेट पर जानकारी जुटाने की बात भी कही। गौरव जैन ने पहले कॉल को फर्जी समझकर नजरअंदाज कर दिया था, लेकिन 20 मार्च की सुबह करीब 10:56 बजे दूसरे नंबर से दोबारा कॉल आया। इस बार आरोपी ने सीधे पैसों की मांग दोहराई। इनकार करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसने धमकी दी कि रकम नहीं देने पर उसके गुर्गे कहीं भी हमला कर सकते हैं, और अंजाम गंभीर होगा।। पीड़ित के अनुसार, कॉल के बाद व्हाट्सऐप पर लगातार धमकी भरे ऑडियो मैसेज भी भेजे गए, जिनमें रैकी कराने और हथियार से हमला करवाने की बात कही गई। हाल की प्रमुख धमकियां (2025-2026 में) • सिंगर-रैपर बादशाह: मार्च 2026 में सबसे ताजा मामला। उनके हरियाणवी गाने “टटीरी” (Tateeree) में आपत्तिजनक बोलों के आरोप के बाद गैंग ने फेसबुक पोस्ट में धमकी दी। पोस्ट में पानीपत फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए लिखा गया कि “2024 में क्लब में ट्रेलर दिखाया था, अगली बार सीधे माथे में गोली मारेंगे”। • रनवीर सिंह: हाल ही में उनके मैनेजर को वॉइस नोट से 1-20 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई। मुंबई पुलिस ने गैंग के सदस्य हरि चंद्रा (हरि बॉक्सर) के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया। • सलमान खान: पुराना और लगातार चल रहा विवाद (1998 ब्लैकबक केस से जुड़ा)। हाल में उनके करीबी सहयोगी को ईमेल से धमकी मिली। पहले भी उनके घर के बाहर फायरिंग हुई थी, और Y+ सुरक्षा है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here