सीहोर जिले के आष्टा में पीपलरांवा थाने में पदस्थ एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) पर रिसोर्ट में घुसकर एक युवक से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। घटना जावर थाना क्षेत्र की है। घायल युवक को आष्टा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि 11 फरवरी की शाम एएसआई मानसिंह परमार निजी लाल रंग की कार से ‘सोल रिसोर्ट’ पहुंचा। वह बिना वर्दी था और हाथ में डंडा लिए हुए था। रिसोर्ट परिसर में महावीर किराना और सांची प्वाइंट काउंटर पर मौजूद अशोक कुमार जैन से उसने गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित बोला-जान से मारने की धमकी दी
पीड़ित का कहना है कि जब मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बनाना शुरू किया तो आरोपी ने डंडा फेंक दिया। इसके बाद उसने अपने पद का डर दिखाते हुए धमकी दी कि यदि कोर्ट केस वापस नहीं लिया तो उसे जान से मरवा दिया जाएगा।
ASI के रिश्तेदार को ढाई लाख रुपए दिए थे उधार
अशोक कुमार जैन (निवासी ग्राम भाऊखेड़ा) के मुताबिक उन्होंने गांव के ही रमेश नामक व्यक्ति को ढाई लाख रुपए उधार दिए थे। इसके बदले मिला चेक बैंक में बाउंस हो गया। इसके बाद उन्होंने कानूनी प्रक्रिया के तहत रमेश को वैधानिक नोटिस भेजा। आरोप है कि नोटिस वापस लेने के लिए रमेश का रिश्तेदार मानसिंह परमार, जो पीपलरांवा थाने में एएसआई है, दबाव बनाने पहुंचा था। पुलिस ने केस दर्ज किया, जांच की शुरू
घटना के समय गजराज सहित अन्य लोग भी मौजूद थे। जावर थाना पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
